Agra Desk, tajnews.in | Saturday, May 2, 2026, 05:45:10 PM IST

आगरा: ताज न्यूज़ के लोकप्रिय और चर्चित कार्यक्रम ‘मुद्दा’ के दूसरे एपिसोड में इस बार राजनीति और व्यापार जगत की जानी-मानी हस्ती, समाजवादी पार्टी के महानगर उपाध्यक्ष मधुकर अरोड़ा उर्फ मिक्की भाई ने शहर की ज्वलंत समस्याओं और आगामी राजनैतिक समीकरणों पर बेबाकी से अपनी राय रखी। वरिष्ठ पत्रकार जावेद खान के साथ हुए इस विशेष संवाद में मधुकर अरोड़ा ने भाजपा के ‘अभेद किले’ कहे जाने वाले आगरा में सेंध लगाने का पूरा रोडमैप पेश किया। उन्होंने वर्तमान सरकार पर ‘स्मार्ट सिटी’ के नाम पर केवल कागजी घोड़े दौड़ाने का आरोप लगाया और शहर की बदहाल ड्रेनेज व्यवस्था, जलभराव और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर घेरा।
PDA फार्मूला और 2027 की तैयारी: दलित हमारे साथ – मधुकर अरोड़ा
साक्षात्कार की शुरुआत में ही जब जावेद खान ने आगरा में भाजपा के ‘एकछत्र राज’ और अभेद किले को लेकर सवाल किया, तो मधुकर अरोड़ा ने आत्मविश्वास के साथ जवाब दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2022 से ही पीडीए (PDA) का जो फार्मूला अपनाया है, वह अब धरातल पर रंग ला रहा है। पीडीए का अर्थ है- पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक। उन्होंने इस भ्रांति को सिरे से खारिज कर दिया कि दलित समाज सपा के साथ नहीं है। मधुकर अरोड़ा ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ता हर गली-मोहल्ले में जाकर 5-7 दिन की मीटिंग कर रहे हैं और लोगों को सपा की नीतियों से अवगत करा रहे हैं। उनका दावा है कि 2027 में दलित वोटर एक ‘मेजर’ भूमिका निभाएगा और सपा को एक ‘फ्रूटफुल’ रिजल्ट देगा।
आगरा की उत्तरी विधानसभा की स्थिति पर बोलते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी के भीतर कोई मतभेद नहीं है। समाजवादी पार्टी जिसे भी चुनाव मैदान में उतारेगी, पूरा संगठन एकजुट होकर उसे जिताने का काम करेगा। उनका मानना है कि वर्तमान विधायकों और सांसदों ने आगरा की मूलभूत समस्याओं की अनदेखी की है, जिससे जनता में भारी रोष है। उत्तरी विधानसभा से इस बार सपा का विधायक निकलना तय है, क्योंकि जनता अब केवल नारों से नहीं, बल्कि ठोस विकास चाहती है।
आपके लिए और…
बदहाल आगरा: स्मार्ट सिटी के दिल ‘एमजी रोड’ पर गंदगी का अंबार
शहर की मूलभूत सुविधाओं पर बात करते हुए मधुकर अरोड़ा का दर्द छलक पड़ा। उन्होंने बताया कि उनकी उम्र 44-45 साल हो गई है, लेकिन बचपन से आज तक उन्होंने आगरा की सड़कों और कॉलोनियों में जलभराव की समस्या को वैसे ही देखा है। सूर्यनगर और रामनगर जैसी पौश कॉलोनियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बारिश के समय ये इलाके रहने लायक नहीं रह जाते। उन्होंने सीधे तौर पर शहर के मेयर, विधायकों और सांसदों से सवाल किया कि आखिर उन्होंने आगरा के लिए किया क्या है?।
महानगर उपाध्यक्ष ने एमजी रोड, जिसे आगरा का ‘हृदय’ कहा जाता है, की स्थिति पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान एमजी रोड घंटों जाम रहता है और नालियां गंदगी से लबालब भरी रहती हैं। “स्मार्ट सिटी का मतलब सत्ताधारियों को नहीं मालूम,” यह कहते हुए उन्होंने तंज कसा कि केवल विज्ञापनों में शहर स्मार्ट नहीं बनता, जमीनी हकीकत कुछ और ही है। बेरोजगारी को भी उन्होंने शहर का सबसे बड़ा मुद्दा बताया, क्योंकि आगरा का व्यापार लगातार पिछड़ रहा है और नए उद्योग धंधे नहीं लग पा रहे हैं।
महिला आरक्षण और नफरत की राजनीति पर प्रहार
महिला आरक्षण बिल को लेकर चल रहे नैरेटिव पर मधुकर अरोड़ा ने भाजपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा चुनाव के समय जनता को भ्रमित करने के लिए नए-नए मुद्दे लाती है। सितंबर 2023 में पास हुए बिल को अब दोबारा लाकर जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सत्ता पक्ष के मंत्रियों द्वारा अखिलेश यादव का पुतला फूंकने की घटना पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव एक इशारा कर दें, तो आधे घंटे में पूरे प्रदेश में हजारों पुतले फूंके जा सकते हैं, लेकिन सपा की संस्कृति और सोच ऐसी नहीं है।
साक्षात्कार के अंत में उन्होंने आगरा की जनता और विशेषकर युवाओं से एक भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि व्हाट्सएप पर फैलने वाले हिंदू-मुसलमान और नफरत भरे वीडियो से बचें। भारत में रहने वाला हर व्यक्ति हिंदुस्तानी है और नफरत फैलाने वाली राजनीति समाज को विघटन की ओर ले जा रही है। उन्होंने अपील की कि समाज को एकजुट रहना चाहिए। मधुकर अरोड़ा ने अपनी बात समाप्त करते हुए कहा कि 2027 में अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे और आगरा की राजनीति में एक नया सूर्योदय होगा।
Trending Tags

Thakur Pawan Singh
Editor in Chief, Taj News
7579990777



