धरा चेतना फाउंडेशन ने मनाया प्रथम स्थापना दिवस, समाजसेवा और संस्कृति को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प

खबर शेयर कीजिए

Agra Desk, 🌐 tajnews.in | Updated: Monday, 25 May 2026, 08:36:52 PM IST

Taj News Logo
Taj News
Agra Desk

आगरा: धरा चेतना फाउंडेशन ने अपना प्रथम स्थापना दिवस सामाजिक चेतना, साहित्य, संस्कृति और समाजसेवा के नए संकल्पों के साथ उत्साहपूर्वक मनाया। समारोह में वक्ताओं ने कहा कि संस्था का एक वर्ष केवल कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रेम, संवेदना, संस्कृति और सामाजिक चेतना को जोड़ने की निरंतर कोशिश का प्रतीक बना है। कार्यक्रम में साहित्य, शिक्षा, कला और समाजसेवा से जुड़े कई प्रतिष्ठित लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लखनऊ से पधारे शेखर दीक्षित ने कहा कि जब समाज के लिए सकारात्मक सोच और नेक इरादों के साथ कार्य किया जाता है, तो समाज का सहयोग स्वतः मिलता है। इसी सहयोग के कारण संस्थाएं निरंतर आगे बढ़ती हैं और अपने कार्यक्षेत्र का विस्तार करती हैं।

धरा चेतना फाउंडेशन स्थापना दिवस समारोह में मौजूद अतिथि
HIGHLIGHTS
  1. धरा चेतना फाउंडेशन ने प्रथम स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया।
  2. समाजसेवा, संस्कृति और युवा सशक्तिकरण को लेकर साझा हुआ विजन।
  3. बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में बांधा समां।
  4. साहित्य, शिक्षा और समाजसेवा क्षेत्र के कई गणमान्य लोग रहे मौजूद।

मुख्य वक्ता सांस्कृतिकर्मी अरुण डंग ने कहा कि धरा चेतना फाउंडेशन की सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में सक्रियता अत्यंत उत्साहवर्धक है। उन्होंने कहा कि संस्था से जुड़े युवा नई सोच और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ समाज में बदलाव लाने का प्रयास कर रहे हैं, जो सराहनीय है।

विशिष्ट अतिथि उद्यमी डॉ. रंजना बंसल ने कहा कि समाज सेवा के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। वर्तमान समय की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने संस्था की कार्यशैली की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह सकारात्मक प्रयास जारी रखने की बात कही।

धरा चेतना फाउंडेशन कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

संस्था की अध्यक्ष दीपाली सिंह ने कहा कि धरा चेतना फाउंडेशन सामाजिक रूप से प्रेरित संगठन है, जो रचनात्मकता, संवेदनशीलता और सामुदायिक विकास को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि संस्था का विश्वास है कि जागरूकता और अभिव्यक्ति समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकती है। फाउंडेशन शिक्षा, मानसिक स्वास्थ्य, कला, संस्कृति और युवा सशक्तिकरण के क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रहा है।

दीपाली सिंह ने बताया कि बीते एक वर्ष में संस्था द्वारा कई उल्लेखनीय कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें अतुल्य हिन्दी छात्र सम्मान, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती समारोह, संवाद : सोशल मीडिया और ब्रज की लोक कलाएं, ब्रज धारा साहित्योत्सव एवं सम्मान समारोह, सीता तत्व परिसंवाद और मदर्स डे सेलिब्रेशन प्रमुख रहे।

कार्यक्रम में बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी सभी का मन मोह लिया। पलक नैनानी ने गणेश वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत की। वहीं रुद्रा, मिश्का प्रभाकर, अंशिका और अहाना द्वारा प्रस्तुत नारी सशक्तिकरण पर आधारित नाटक ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।

धरा चेतना फाउंडेशन समारोह में मंच पर प्रस्तुति देते बच्चे

कार्यक्रम में डॉ. मुनीश्वर गुप्ता, दीपक प्रहलाद, राजबहादुर राज, प्रो. नीलू शर्मा, आदर्श नंदन गुप्त, श्रुति सिन्हा, कपिल सिंघल, प्रताप पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य यतेंद्र सोलंकी, ओमवीर, डॉ. विनोद यादव, कवि ईशान देव, नृत्याचार्य अभिषेक निगम, आभा मेहरा, अंजना गोस्वामी, नरेंद्र कौर, पियूष प्रभाकर, गौतम, कुमार ललित और डॉ. महेश धाकड़ सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में फाउंडेशन के अक्षय प्रताप सिंह, गति सिंह, प्रीति सिंह, बरखा सिंह, फेलिक्स और प्रिसिला की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संस्था की ओर से अतिथियों को सम्मानित भी किया गया। वहीं डॉ. रंजन बंसल ने पुष्प गुच्छ भेंट कर फाउंडेशन टीम का सम्मान किया, जबकि श्रुति सिन्हा ने अंगवस्त्र भेंट कर सभी अतिथियों का अभिनंदन किया।

धरा चेतना फाउंडेशन के स्थापना दिवस समारोह में सम्मानित अतिथि

समारोह में मौजूद लोगों ने संस्था के सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह समाजहित में कार्य करते रहने की शुभकामनाएं दीं।

Thakur Pawan Singh Editor in Chief Taj News

Thakur Pawan Singh

Editor in Chief, Taj News


खबर शेयर कीजिए

Leave a Comment