गर्मियों की छुट्टी का मजा, रोमांच हुआ गायब: नानी तेरी मोरनी को… बचपन बिकाऊ है! नानी के घर से स्पोर्ट्स कोचिंग तक का सफर

खबर शेयर कीजिए

Opinion Desk, Taj News | Saturday, June 13, 2026, 09:36:59 PM IST

Taj News Logo
Taj News
Opinion Desk
Brij Khandelwal
बृज खंडेलवाल
वरिष्ठ पत्रकार
एवं पर्यावरणविद्
आगरा के सुप्रसिद्ध वरिष्ठ पत्रकार और प्रतिष्ठित पर्यावरणविद् बृज खंडेलवाल ने वर्ष 1972 में ‘भारतीय जनसंचार संस्थान’ (IIMC, नई दिल्ली) से पत्रकारिता की शुरुआत की। वे ‘द टाइम्स ऑफ इंडिया’, ‘इंडिया टुडे’, ‘इंडिया एब्रॉड’, and अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी ‘IANS’ सहित देश-विदेश के कई शीर्ष मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं। ‘ब्रज मंडल हेरिटेज कंवर्जेशन सोसाइटी’ के संस्थापक खंडेलवाल ने यमुना और ताजमहल संरक्षण पर दो ऐतिहासिक पुस्तकें लिखी हैं तथा बीबीसी (BBC), सीएनएन (CNN) और नेशनल ज्योग्राफिक के अंतरराष्ट्रीय वृत्तचित्रों में ब्रज की पर्यावरणीय आवाज़ को मुखर किया है। वे डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा और केंद्रीय हिंदी संस्थान में पत्रकारिता के अध्यापन से भी जुड़े रहे हैं।
HIGHLIGHTS
  1. बचपन का बाज़ारीकरण: प्राचीन काल में नानी-दादी के घर बेफ़िक्री से बीतने वाली गर्मियों की छुट्टियां अब कोडिंग, को-कारिकुलर एक्टिविटीज़ और बहुआयामी कमर्शियल क्लासों के क्रूर मकड़जाल में तब्दील।
  2. प्रतिस्पर्धा का अनवरत दबाव: सीमित विधिक अवसरों और अंधी कॉर्पोरेट होड़ के कारण डेढ़-दो साल के बच्चों पर थोपा जाने वाला प्ले-स्कूल संस्कृति का भयानक मानसिक बोझ।
  3. करियर बने खेल और कला: स्वास्थ्य, मित्रता और आनंद की जगह केवल आर्थिक मुनाफ़े, करोड़ों की नीलामी और टीवी टैलेंट शो के जजों के दबाव में दम तोड़ता मासूमों का वर्तमान।
  4. खाली समय की बेदख़ली: खाली वक्त को आधुनिक समाज द्वारा अपराध मानने की मानसिकता; किताबों, रिश्तेदारों के स्नेह और प्राकृतिक दुनिया से दूर होकर मोबाइल रील और एकाकीपन का शिकार होती नई पीढ़ी।

गर्मियों की छुट्टी का मजा, रोमांच हुआ गायब

नानी तेरी मोरनी को… बचपन बिकाऊ है! नानी के घर से स्पोर्ट्स कोचिंग तक का सफर

— बृज खंडेलवाल

वे भी क्या दिन थे। गर्मी की छुट्टियां शुरू होते ही बच्चों की दुनिया बदल जाती थी। कोई नानी के घर भागता था, कोई दादा-दादी के गांव। कोई पहाड़ों में ट्रेकिंग करता, कोई आम के बागों में चढ़ जाता। दोपहरें कॉमिक्स पढ़ते गुजरती थीं। शामें गिल्ली-डंडा, पतंगबाजी और बेवजह की शरारतों में बीतती थीं। घड़ी का कोई महत्व नहीं था। कोई लक्ष्य नहीं था। कोई प्रदर्शन नहीं था। छुट्टियां आत्मा की मरम्मत का मौसम थीं।

फिर भारत बदल गया। अब गर्मी की छुट्टियां भी बच्चों की नहीं रहीं। सुबह स्विमिंग क्लास। फिर क्रिकेट अकादमी। फिर गिटार सीखना। फिर डांस क्लास। फिर कोडिंग कोर्स। फिर स्पोकन इंग्लिश। शाम को ऑनलाइन वर्कशॉप। बच्चा स्कूल से छुट्टी पाता है, लेकिन बचपन से नहीं।

आज भारत में जन्म लेते ही प्रतिस्पर्धा शुरू हो जाती है। डेढ़-दो साल के बच्चों को प्ले स्कूल भेजा जा रहा है, जब वे ठीक से बोलना भी नहीं सीख पाए होते। मध्यमवर्गीय परिवार सालाना पचास हजार से एक लाख रुपये तक फीस भर रहे हैं। माता-पिता को डर है कि कहीं उनका बच्चा दौड़ में पीछे न रह जाए। और यह डर काल्पनिक नहीं है।

भारत में अवसर सीमित हैं और दावेदार करोड़ों। अच्छी नौकरियां कम हैं। सरकारी नौकरियां और भी कम। प्रतिष्ठित संस्थानों में सीटें मुट्ठी भर हैं। यही वजह है कि कोचिंग संस्कृति एक समानांतर शिक्षा व्यवस्था बन चुकी है। बच्चा स्कूल में पढ़ता है, फिर कोचिंग में पढ़ता है, फिर टेस्ट सीरीज में बैठता है। उसकी पूरी किशोरावस्था प्रतियोगिता की प्रयोगशाला बन जाती है। लेकिन अब यह होड़ केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है। खेल भी कमाई का नया टिकट बन गए हैं।

यह भी पढ़ें

ताज न्यूज़ की रपट के अनुसार, माता-पिता क्रिकेटरों की करोड़ों की नीलामी देखते हैं। ओलंपिक पदक विजेताओं को मिलने वाले नकद पुरस्कार देखते हैं। सरकारी नौकरियां और विज्ञापन अनुबंध देखते हैं। फिर वे अपने बच्चों को खेल अकादमियों में भेज देते हैं। खेल अब स्वास्थ्य, आनंद और मित्रता का माध्यम कम, करियर की रणनीति अधिक बनता जा रहा है। सच यह है कि कुछ बच्चे सितारे बनेंगे, लेकिन लाखों नहीं। हर सफल खिलाड़ी के पीछे हजारों ऐसे बच्चे होंगे जो वर्षों का समय, मेहनत और उम्मीदें लगाकर भी मंजिल तक नहीं पहुंच पाएंगे।

इसी बीच मनोरंजन उद्योग ने भी बचपन को बाजार में उतार दिया है। गायन प्रतियोगिताएं, नृत्य प्रतियोगिताएं, टैलेंट शो और क्विज कार्यक्रम बच्चों को सफलता के शॉर्टकट के रूप में बेच रहे हैं। माता-पिता ऑडिशन दर ऑडिशन भटक रहे हैं। बच्चे कैमरों, जजों और वोटिंग के दबाव में बड़े हो रहे हैं। कुछ को शोहरत मिलती है। कुछ को पुरस्कार मिलते हैं। लेकिन अधिकांश बच्चे कुछ वर्षों बाद गुमनामी में लौट आते हैं। पीछे छूट जाती है थकान, निराशा और खोया हुआ बचपन।

सबसे दुखद बात यह है कि बच्चों के पास अब खाली समय नहीं बचा। खाली समय, जिसे आधुनिक समाज लगभग अपराध मानने लगा है। किताबें पढ़ना समय की बर्बादी समझा जाता है। पेड़ों पर चढ़ना अनुपयोगी गतिविधि बन गया है। दादा-दादी और नाना-नानी की कहानियां किसी पाठ्यक्रम का हिस्सा नहीं हैं। गांव की गलियां, खेतों की पगडंडियां, रिश्तेदारों के घरों की चहल-पहल और बेफिक्र आवारागर्दी अब धीरे-धीरे स्मृतियों का हिस्सा बनती जा रही हैं। जिन बच्चों को कुछ नहीं करना वो मोबाइल वाचिंग करते हैं, या रील बनाते हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, हर शौक को करियर में बदला जा रहा है। गाना सीखो ताकि स्टार बनो। नाचो ताकि टीवी पर आ सको। खेलो ताकि करोड़पति बन सको। कोडिंग सीखो ताकि नौकरी मिल सके। अंग्रेजी सीखो ताकि इंटरव्यू निकल जाए। मानो जीवन का हर क्षण किसी भविष्य की कमाई में निवेश किया जाना चाहिए। पैसे की चमक इतनी तेज हो गई है कि बचपन उसकी रोशनी में धुंधला पड़ गया है।

समस्या खेल, संगीत, पढ़ाई या प्रतियोगिताओं में नहीं है। समस्या उस मानसिकता में है जो हर बच्चे को एक परियोजना, एक निवेश और एक संभावित आय स्रोत की तरह देखने लगी है। माता-पिता दोषी नहीं हैं। वे डरे हुए हैं। महंगाई बढ़ रही है। रोजगार अनिश्चित हैं। भविष्य धुंधला है। वे अपने बच्चों के लिए सुरक्षा चाहते हैं।

ताज न्यूज़ की रपट के अनुसार, लेकिन इस प्रक्रिया में एक बड़ा सवाल अनुत्तरित रह जाता है—यदि बच्चा बचपन में ही थक गया, तो वह जीवन कब जिएगा? यदि छुट्टियां भी प्रशिक्षण शिविर बन गईं, तो यादें कहां बनेंगी? यदि हर प्रतिभा का मूल्य रुपये में तय होगा, तो खुशी का मूल्य कौन तय करेगा? शायद हमारे समय की सबसे बड़ी त्रासदी यही है। हम बच्चों को भविष्य के लिए तैयार करते-करते उनका वर्तमान छीन रहे हैं। और एक दिन जब वे सफल होकर पीछे मुड़कर देखेंगे, तो शायद पूछेंगे: वे गर्मियां कहां चली गईं, जिनमें जिंदगी कमाई नहीं, खुशियां हुआ करती थी?

(लेखक आगरा के सुप्रसिद्ध वरिष्ठ पत्रकार, चिंतक एवं ब्रज मंडल हेरिटेज कंवर्जेशन सोसाइटी के संस्थापक हैं।)

Pawan Singh

Pawan Singh

Chief Editor, Taj News

खबर शेयर कीजिए

1 thought on “गर्मियों की छुट्टी का मजा, रोमांच हुआ गायब: नानी तेरी मोरनी को… बचपन बिकाऊ है! नानी के घर से स्पोर्ट्स कोचिंग तक का सफर”

Leave a Comment