Agra Desk, 🌐 tajnews.in | Wednesday, 29 July, 2026, 06:12:27 PM IST.

tajnews.in | आगरा: उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अपना अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी रखते हुए कमला नगर योजना क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन कर निर्मित पांच भवनों को सील कर दिया। यह कार्रवाई अधीक्षण अभियंता पंकज कुमार पाल के निर्देशन और अधिशासी अभियंता डी.बी. यादव के अधीन की गई। अभियान के दौरान स्थानीय पुलिस भी मौजूद रही।

प्रवर्तन दल अधिकारी कर्नल जी.एम. ख़ान ने बताया कि परिषद की टीम ने पूर्व में चिन्हित पांच भवनों पर नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई की। सील किए गए भवनों में बी-507 (मनीष बंसल), बी-582 (सीता देवी), बी-608 (उमेश गोयल), डी-82 (पंकज जैन) और ई-725 (नीतू गुप्ता) की संपत्तियां शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि संबंधित भवन स्वामियों को पहले कई बार नोटिस जारी कर स्वीकृत मानचित्र, आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने तथा नियमानुसार शमन (रेगुलराइजेशन) की प्रक्रिया पूरी करने का अवसर दिया गया था। निर्धारित समय में आवश्यक कार्रवाई नहीं किए जाने और नोटिसों की अनदेखी के बाद परिषद ने नियमों के तहत सीलिंग की कार्रवाई की।

अधीक्षण अभियंता पंकज कुमार पाल ने कहा कि परिषद की योजनाओं में भवन निर्माण संबंधी नोटिस मिलने पर संपत्ति स्वामियों को उसे गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने अपील की कि संबंधित व्यक्ति समय रहते परिषद कार्यालय में उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करें और नियमानुसार शमन की प्रक्रिया पूरी कराएं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि परिषद की योजनाओं में अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।

सीलिंग अभियान के दौरान परिषद की ओर से सहायक अभियंता योगेश कुमार, अवर अभियंता प्रशांत कुमार, मानचित्रक सुरेंद्र तथा कमला नगर चौकी पुलिस की टीम मौजूद रही।

यह भी पढ़ें

Thakur Pawan Singh
Chief Editor, Taj News
7579990777




