Agra Desk, 🌐 tajnews.in | Updated: Wednesday, 17 June 2026, 11:35:14 PM IST

आगरा: शहर के सिकंदरा स्थित आवास विकास कॉलोनी में बेटियों के सर्वांगीण विकास, चरित्र निर्माण और वैदिक पुरोहिता विधा को पुनर्जीवित करने के लिए एक बड़े राष्ट्रीय समागम की रूपरेखा तैयार की गई है। महर्षि दयानन्द योगपीठ न्यास द्वारा आगामी 22 जून सोमवार से 01 जुलाई 2026 बुधवार तक 10-दिवसीय मण्डलीय आर्य वीरांगना व्यक्तित्व विकास शिविर एवं राष्ट्रीय आर्य पुरोहिता/उपदेशिका प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह पूरा आयोजन योगपीठ न्यास के संचालक और अध्यक्ष आचार्य हरिशंकर अग्निहोत्री के पावन सानिध्य एवं कुशल निर्देशन में संपन्न होगा। इस राष्ट्रीय स्तरीय शिविर के लिए सिकंदरा सेक्टर-13 स्थित आर्यन इन्स्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेन्ट एण्ड कम्प्यूटर स्टडीज को आधिकारिक केंद्र बनाया गया है, जहाँ देश भर से आने वाली शिक्षार्थियों के लिए पूर्णतः निःशुल्क आवासीय व्यवस्था की गई है।

आयोजन समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस अवधि में दो समानांतर राष्ट्रीय शिविर संचालित किए जाएंगे। पहला, ‘आर्य वीरांगना व्यक्तित्व विकास शिविर’ होगा जो 12 वर्ष से ऊपर की बालिकाओं के लिए है। इसमें आधुनिक चुनौतियों को देखते हुए बालिकाओं को जूडो-कराटे, दण्ड-तलवार संचालन, लाठी, डम्बल, लेजियम और आत्मरक्षा तकनीकों का व्यावहारिक सैन्य प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही उनके भीतर राष्ट्रभक्ति, उच्च चरित्र और नैतिक मूल्यों का संचार किया जाएगा। इस शिविर का पंजीकरण शुल्क मात्र 250/- रुपये तय किया गया है। दूसरा सत्र ‘आर्य पुरोहिता/उपदेशिका प्रशिक्षण शिविर’ का होगा, जिसमें स्नातक उत्तीर्ण महिलाओं को वैदिक मंत्र पाठ, वृहद् यज्ञ संचालन, 16 संस्कार विधि एवं वैदिक सिद्धांतों का गहन अकादमिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसका निबंधन शुल्क 1000/- रुपये निर्धारित है।
इस 10-दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान शिक्षार्थियों को एक कड़ी और अनुशासित वैदिक दिनचर्या का पालन करना होगा। प्रतिदिन प्रातः 4 बजे जागरण से लेकर रात्रि 10 बजे तक नियमित यज्ञ, शारीरिक व्यायाम, बौद्धिक विमर्श सत्र, ध्यान और निस्वार्थ सेवा का अनूठा समन्वय देखने को मिलेगा। शिविर के प्रेरणास्रोत आचार्य हरिशंकर अग्निहोत्री ने कहा कि विगत वर्षों में इस प्रशिक्षण के माध्यम से हजारों युवक-युवतियां वैदिक संस्कारों से दीक्षित होकर विभिन्न क्षेत्रों में देश की सेवा कर रहे हैं। उनका दृढ़ विश्वास है कि जब भारत की बेटी शस्त्र और शास्त्र दोनों विधाओं में समान रूप से निपुण होगी, तभी भारत पुनः विश्वगुरु के आसन पर विराजमान हो सकेगा।

इस शिविर की गरिमा बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त विद्वान आगरा आ रहे हैं। 23 जून 2026 को प्रातः 7:30 बजे आयोजित होने वाले उद्घाटन सत्र के मुख्य वक्ता आर्य प्रतिनिधि सभा उत्तर प्रदेश के प्रधान आचार्य स्वदेश जी महाराज होंगे। वहीं, 01 जुलाई 2026 को सायं 5:00 बजे आयोजित होने वाले समापन एवं दीक्षांत समारोह को सार्वदेशिक आर्यवीर दल के अध्यक्ष डॉ. स्वामी देवव्रत सरस्वती और सार्वदेशिक आर्य वीरांगना दल की प्रधान संचालिका आचार्या व्रतिका आर्या मुख्य रूप से संबोधित करेंगी। योगपीठ की सचिव प्रेमा कनवर ने बताया कि आचार्य श्री के सानिध्य में यह पूरा सत्र बेटियों के जीवन को एक सकारात्मक दिशा देने वाला अनुभव साबित होगा। शिविर व्यवस्थापक आचार्य विश्वेन्द्र आर्य ने स्पष्ट किया कि आवासीय व्यवस्था में स्थान सीमित होने के कारण अभिभावक समय रहते पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कर लें।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित की गई बैठक में क्षेत्र के तमाम प्रबुद्ध नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की गरिमामई उपस्थिति रही। इस अवसर पर आर्य वीर दल आगरा के संचालक अभय यादव, कोषाध्यक्ष राकेश तिवारी, मंडल प्रभारी वीरेन्द्र कनवर, आर्य वीरांगना दल की मंत्री अंजलि आर्य, शिविर संयोजिका नमिता शर्मा, आर्य प्रतिनिधि सभा आगरा के प्रधान विजय पाल सिंह चौहान, आर्य समाज बल्केश्वर कमला नगर के प्रधान अवनीन्द्र गुप्ता, मंत्री यतेन्द्र आर्य, सद्भावना संस्था की अध्यक्ष त्रिवेणी आनन्द, स्वागताक्ष प्रेमा वर्मा, आर्यन इन्स्टीट्यूट के सचिव सूर्य प्रकाश गुप्ता, गिरीश गुप्ता, रामपाल सिंह आर्य, निशा अग्रवाल, धर्मवीर शास्त्री और ऋत्विज् आर्य सहित कई संभ्रांत नागरिकों ने शिरकत की और शिविर को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
EXPLORE MORE
AgraAryaSamaj, AryaViranganaDal, HarishankarAgnihotri, VedicTrainingCamp, SelfDefenceGirlsAgra, AryanInstituteSikandara, PurohitaTrainingWomen, AgraDesk, TajNews, VedicSanskritiUP

Thakur Pawan Singh
Chief Editor, Taj News
7579990777




