48 लाख रुपये की एलईडी से जगमगाएगा जनकपुरी क्षेत्र, 140 फीट ऊंचे जनक महल और 280 से 300 फीट चौड़े मंच पर साकार होगा श्रीराम-जानकी विवाह
आगरा डेस्क, 🌐 tajnews.in | मंगलवार, 15 सितंबर 2026, 05:32:15 PM IST

tajnews.in | आगरा। ऐतिहासिक जनकपुरी महोत्सव की मेजबानी कर रहे भावना एस्टेट और आसपास के क्षेत्रों को नगर निगम ने विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी है। मंगलवार को महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने करीब 12 करोड़ रुपये की लागत वाले विकास कार्यों का विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ किया। इन कार्यों में सड़क निर्माण, नाली मरम्मत, इंटरलॉकिंग टाइल्स, सीसी सड़क, हॉटमिक्स सड़क सुधार और नालों को कवर करने जैसे काम शामिल हैं।
महापौर ने कहा कि जनकपुरी महोत्सव के लिए यह अब तक के बड़े विकास बजट में से एक है। नगर निगम जनकपुरी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आयोजन समिति की ओर से तैयार किए गए विकास प्रस्तावों को चरणबद्ध तरीके से जमीन पर उतारा जा रहा है।
इन प्रमुख मार्गों पर होंगे विकास कार्य
हरीपर्वत जोन के कक्ष संख्या 88 में यथार्थ हॉस्पिटल से बाबरपुर पानी की टंकी तक हॉटमिक्स सड़क का सुधार, साइड पटरी की मरम्मत और डिवाइडर की रंगाई-पुताई कराई जाएगी। भावना एस्टेट में पुरुषोत्तम हॉस्पिटल से गेट तक, ठाकुर साहब के मकान से सुरेंद्र सिंह के मकान तक, कैफेटेरिया से भावना एस्टेट मार्ग तथा सचखंड हॉस्पिटल से भावना एस्टेट मार्ग तक नाली मरम्मत, इंटरलॉकिंग टाइल्स और सीसी सड़क का काम होगा।
बुलेट शोरूम से बलदेव आशियाना होते हुए केआर नगर तिराहा और नशा मुक्ति केंद्र तक सड़क व नाली सुधार कराया जाएगा। महर्षिपुरम तिराहे से भावना एस्टेट रोड, शकुंतला कॉम्प्लेक्स, खाटू श्याम प्रॉपर्टी डीलर वाली गली और पावर हाउस जिम वाली गली में भी सड़क एवं नाली से संबंधित कार्य होंगे। शिवाकुंज, उमा कुंज गली नंबर-1 और कावेरी कौस्तुभ के पीछे विनायक नगर में बृजेश सदन से बाबरपुर होते हुए नगर निगम मैरिज होम तक सीसी सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। इसके अलावा अमर उजाला प्रेस से केआर नगर तिराहे तक इंटरलॉकिंग और हॉटमिक्स कार्य तथा यथार्थ हॉस्पिटल से बाबरपुर टंकी और भावना एस्टेट रोड से होली पब्लिक स्कूल तक नाला कवर करने का काम भी शामिल है।
48 लाख रुपये की एलईडी से रोशन होगा जनकपुरी क्षेत्र
जनकपुरी महोत्सव को लेकर नगर निगम ने प्रकाश व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया है। योजना के मुताबिक बाबरपुर क्षेत्र में करीब 48 लाख रुपये की लागत से एलईडी लाइटें लगाई जानी हैं। प्रमुख चौराहों पर मिनी मास्ट लाइट और विभिन्न मार्गों पर स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना है। इसमें भावना एस्टेट से बाबरपुर तक का लिंक रोड, महर्षिपुरम तिराहा से होली पब्लिक स्कूल तिराहा और कई प्रमुख कॉलोनियां शामिल हैं।
उमाकुंज कॉलोनी चौराहा, महर्षिपुरम तिराहा, स्पेस टावर, स्पंदन हॉस्पिटल, कैंसर अस्पताल चौराहा, गणपति आशियाना, दुर्गेशपुरी चौराहा, गोविंदपुरी तिराहा, भावना एस्टेट पार्क और जनकपुरी क्षेत्र के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी मिनी मास्ट लाइट लगाने की योजना है।
140 फीट ऊंचा होगा जनक महल
वर्ष 2026 की जनकपुरी को लेकर तैयारियां बड़े स्तर पर चल रही हैं। इस बार भावना एस्टेट रोड स्थित कावेरी कौस्तुभ के आसपास भव्य जनक महल तैयार किए जाने की योजना है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार महल की ऊंचाई करीब 140 फीट और मंच की चौड़ाई लगभग 280 से 300 फीट रखे जाने की योजना है। इसी विशाल मंच पर श्रीराम-जानकी विवाह का दृश्य साकार किया जाएगा। जनकपुरी क्षेत्र में विकास और सजावट के साथ प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर भी तैयारियां तेज कर दी हैं। सितंबर की शुरुआत में प्रशासन, पुलिस, यातायात विभाग और आगरा मेट्रो से जुड़े अधिकारियों ने आयोजन क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण भी किया था।
भावना एस्टेट में पहली बार सज रही जनकपुरी
इस वर्ष आगरा की ऐतिहासिक जनकपुरी का आयोजन सिकंदरा क्षेत्र के भावना एस्टेट, केके नगर, बाबरपुर और आसपास के क्षेत्र में किया जा रहा है। जनकपुरी की मेजबानी को लेकर जुलाई से ही तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। आयोजन को भव्य बनाने के साथ क्षेत्र के स्थायी विकास को लेकर भी स्थानीय लोगों और आयोजन समिति की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे में 12 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को केवल महोत्सव की तैयारियों से जोड़कर नहीं, बल्कि क्षेत्र के बुनियादी ढांचे में सुधार के रूप में भी देखा जा रहा है।
उद्घाटन के दौरान ये रहे मौजूद
इस अवसर पर जनकपुरी महोत्सव समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय गोयल, मुख्य संयोजक मनोज बंसल, मुख्य संरक्षक संतोष कटारा, मुख्य समन्वयक धर्मेश जैन, कोषाध्यक्ष आकाश ग्वाला, मीडिया प्रभारी सुशील सिंह, कपिल पोरवाल, निमित्त पोरवाल, पंकज पाठक, नरेंद्र शर्मा, डॉ. धीरज शर्मा, क्षेत्रीय पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी सहित समिति के पदाधिकारी और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
महिला मंडल की अध्यक्ष अमृता पोरवाल, मुख्य संरक्षक आरती शर्मा, मुख्य संयोजक शुचि खंडेलवाल, अनुराधा वर्मा और वाणी चौहान समेत बड़ी संख्या में महिलाएं भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं। नगर निगम के मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव और जूनियर इंजीनियर हरिओम सिंह भी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें

Thakur Pawan Singh
Chief Editor, Taj News
7579990777




