रेडियो वार्ता और स्कूल कार्यक्रम में हड्डियों, जोड़ों व स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता पर जोर
Agra Desk, 🌐 tajnews.in | Friday, 7 August, 2026, 8:20:00 PM IST.

tajnews.in | आगरा: ‘Agra Moves Better–2026’ अभियान के तहत आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी (AOS) ने शुक्रवार को दो जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। आकाशवाणी आगरा के माध्यम से आम नागरिकों को हड्डियों, जोड़ों और मांसपेशियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया, जबकि G.L. Public School, Agra में विद्यार्थियों को सही पोश्चर और स्वस्थ जीवनशैली की जानकारी दी गई।
आकाशवाणी पर हुई विशेष स्वास्थ्य वार्ता
आकाशवाणी आगरा पर आयोजित विशेष वार्ता में आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी के सचिव डॉ. संजय चतुर्वेदी ने ‘Agra Moves Better–2026’ अभियान के उद्देश्य और इसके तहत आयोजित की जा रही गतिविधियों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि हड्डियों और जोड़ों का स्वास्थ्य केवल बीमारी या चोट से जुड़ा विषय नहीं है। बचपन से सही पोश्चर, नियमित शारीरिक गतिविधि, मजबूत मांसपेशियां, संतुलित आहार, उचित वजन और कार्यस्थल पर सही एर्गोनॉमिक्स अपनाकर कई स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव किया जा सकता है।
वार्ता में बच्चों और युवाओं में बढ़ते स्क्रीन टाइम, गलत तरीके से बैठने, शारीरिक गतिविधियों में कमी, वयस्कों में कमर और गर्दन के दर्द तथा वरिष्ठ नागरिकों में ऑस्टियोपोरोसिस और गिरने से होने वाले फ्रैक्चर जैसे विषयों पर चर्चा की गई।
डॉ. चतुर्वेदी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल बीमारियों का उपचार करना नहीं, बल्कि लोगों में मस्कुलोस्केलेटल हेल्थ को लेकर बचाव और जागरूकता की संस्कृति विकसित करना है।
स्कूल में बच्चों को समझाया सही पोश्चर का महत्व
अभियान के तहत G.L. Public School, Agra में विद्यार्थियों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
प्रेजेंटेशन और चित्रों के माध्यम से बच्चों को बताया गया कि स्कूल के दिनों में अपनाई जाने वाली छोटी-छोटी अच्छी आदतों का रीढ़, हड्डियों और मांसपेशियों के स्वास्थ्य पर लंबे समय तक प्रभाव पड़ता है।
विद्यार्थियों को सही तरीके से बैठने और पढ़ने, लंबे समय तक एक ही स्थिति में न रहने, नियमित खेल एवं व्यायाम करने, मोबाइल और स्क्रीन के अत्यधिक इस्तेमाल से बचने, स्कूल बैग सही तरीके से उठाने तथा संतुलित पोषण के महत्व की जानकारी दी गई।
बच्चों को ‘Sit Better – Move Better – Grow Better’ का संदेश देते हुए दैनिक व्यवहार और पोश्चर में सुधार के लिए प्रेरित किया गया।
पूरे अगस्त चलेगा जनजागरूकता अभियान
आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी के अनुसार ‘Agra Moves Better–2026’ केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे अगस्त चलने वाला व्यापक जनस्वास्थ्य अभियान है। इसके माध्यम से स्कूलों, पुलिसकर्मियों, स्वास्थ्यकर्मियों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, उद्योगों, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों को अलग-अलग जागरूकता गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है।
अभियान के तहत ‘Better Bones • Better Joints • Better Movement • Better Life’ का संदेश दिया जा रहा है। संस्था का उद्देश्य इलाज की जरूरत पड़ने से पहले बचाव, दर्द शुरू होने से पहले सही आदतों और बीमारी से पहले जागरूकता को बढ़ावा देना है।
आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी ने विद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं, आरडब्ल्यूए, उद्योगों और अन्य संगठनों से अभियान से जुड़ने की अपील की है, ताकि ‘Agra Moves Better’ को व्यापक जनभागीदारी वाला स्वास्थ्य जागरूकता अभियान बनाया जा सके।
यह भी पढ़ें

Pawan Kumar Singh
Chief Editor, Taj News
7579990777




