‘एक शाम सांवरिया सेठ जी के नाम’ में भजन संध्या के साथ परिचय सम्मेलन और दाल-बाटी महाप्रसाद; धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक सेवा का संदेश
आगरा डेस्क, 🌐 tajnews.in | सोमवार, 21 सितंबर 2026, 04:40:15 PM IST

आगरा, 21 सितंबर 2026। जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम मंदिर के एसी हॉल में रविवार को ‘एक शाम सांवरिया सेठ जी के नाम’ भजन संध्या का भव्य आयोजन किया गया। सांवरिया सेठ सेवा समिति ट्रस्ट (रजि.) की ओर से आयोजित इस पावन कार्यक्रम में परिचय सम्मेलन और दाल-बाटी महाप्रसाद का भी आयोजन हुआ। अखंड ज्योति के समक्ष सांवरिया सेठ का दिव्य दरबार सजाया गया। भजन संध्या के दौरान मंदिर परिसर देर रात तक ‘जय श्री श्याम’ के जयघोष और सुरीले भजनों से गूंजता रहा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता चौहान रहीं। उन्होंने नवगठित सांवरिया सेठ सेवा समिति ट्रस्ट के पदाधिकारियों और सदस्यों को शुभकामनाएं दीं तथा धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ समाजसेवा के प्रकल्पों को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
भजन संध्या में भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर
भजन संध्या में विकास वर्मा, प्रीति शर्मा और सूर्यांश गहलोत ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजन शुरू होते ही श्रद्धालुओं में भारी उत्साह दिखाई दिया। बड़ी संख्या में भक्तों ने भजनों की धुनों पर ताली बजाकर श्रद्धा के साथ सहभागिता की और सांवरिया सेठ के आलौकिक दर्शन किए।
‘मेरा बंगला, मेरी गाड़ी, सब कुछ है तेरा सरकार, मेरा तो कुछ भी नहीं…’ जैसे भावपूर्ण भजन की प्रस्तुति पर श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए। इसके बाद ‘सांवरिया है सेठ, मेरी राधा जी सेठानी है…’ और ‘सुन ले ओ सांवरिया, मुझे तेरा ही सहारा है…’ जैसे भजनों पर भक्त देर तक झूमते रहे। ‘सांवरिया ले चल पल्ली पार…’, ‘सांवली सूरत पे मोहन, दिल दीवाना हो गया…’ और ‘मन चल वृंदावन…’ जैसे भजनों ने पूरे माहौल को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। भजनों के मध्य श्रद्धालुओं ने सांवरिया सेठ के समक्ष शीश नवाकर परिवार की खुशहाली एवं मंगलकामना की प्रार्थना की।
भक्ति के साथ सामाजिक सेवा का संकल्प
समिति के संस्थापक विकास मित्तल ने कहा कि सांवरिया सेठ की भक्ति लोगों को जोड़ने के साथ परिवारों और समाज में आपसी संबंध मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि समिति की स्थापना के साथ परिचय सम्मेलन आयोजित करने का उद्देश्य समिति से जुड़े परिवारों के बीच आपसी संबंधों को प्रगाढ़ करना है, ताकि वे एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बन सकें और सेवा तथा भक्ति की भावना का विस्तार कर सकें।
अध्यक्ष सियाराम पवन कुमार ने कहा कि ‘एक शाम सांवरिया सेठ जी के नाम’ केवल भजन संध्या नहीं, बल्कि भक्तों के बीच आपसी स्नेह, आत्मीयता और सामाजिक जुड़ाव का अनुपम अवसर है। महामंत्री नीरज वर्मा ने बताया कि समिति आने वाले समय में धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक सेवा के कार्यों को भी गति देगी। उन्होंने जरूरतमंद कन्याओं के विवाह, निर्धन बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग जैसे जनकल्याणकारी कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही। कार्यवाहक अध्यक्ष अविनाश राणा ने कहा कि भजन, दर्शन और महाप्रसाद के जरिए भक्तों को एक मंच पर लाकर उनमें सेवा और समर्पण की भावना को मजबूत करने का निरंतर प्रयास रहेगा।
परिचय सम्मेलन और दाल-बाटी महाप्रसाद
कार्यक्रम के दौरान समिति के पारिवारिक सदस्यों और अतिथियों के लिए आत्मीय परिचय सम्मेलन भी आयोजित किया गया। इसमें सभी सदस्यों ने एक-दूसरे से आत्मीय परिचय प्राप्त किया और सामाजिक एवं पारिवारिक जुड़ाव को और अधिक मजबूत बनाने का संदेश दिया। समिति पदाधिकारियों के अनुसार, परिचय सम्मेलन का उद्देश्य परिवारों के बीच आत्मीय संबंध विकसित करना है।
कार्यक्रम के समापन पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर पारंपरिक दाल-बाटी महाप्रसाद ग्रहण किया। महाप्रसाद के इस सुव्यवस्थित आयोजन ने सभी में सामूहिक सहभागिता और अपनत्व का भाव बढ़ा दिया।
इस अवसर पर समिति के संस्थापक विकास मित्तल, अध्यक्ष सियाराम पवन कुमार, कार्यवाहक अध्यक्ष अविनाश राणा, महामंत्री नीरज वर्मा, कोषाध्यक्ष अमित गुप्ता, सह कोषाध्यक्ष वाईपी गुप्ता, संरक्षक मोहन गर्ग, अभय गुप्ता, आशीष सक्सेना, उपाध्यक्ष रीतेश गुप्ता, अतुल अग्रवाल, संजीव गुप्ता, मंत्री अमित अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, उमेश यादव, डिंपू चौधरी सहित बड़ी संख्या में समिति सदस्य एवं भक्तगण उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें

Thakur Pawan Singh
Chief Editor, Taj News
7579990777




