Agra Desk, 🌐 tajnews.in | Tuesday, 21 Jul, 2026, 03:45:10 PM IST.

tajnews.in | आगरा: ताजनगरी में विकास के दावों के बीच बारिश ने प्रशासनिक इंतजामों की पोल खोलकर रख दी है। शहर में सीएम ग्रिड योजना के तहत 11 किलोमीटर लंबी पांच प्रमुख सड़कों की खुदाई के बाद बिखरी मिट्टी रिमझिम बारिश में जानलेवा दलदल बन गई है। हरीपर्वत से दिल्ली गेट के बीच मिट्टी के बड़े-बड़े ढेरों ने सड़क को कीचड़ के मैदान में बदल दिया है, जिससे यहाँ से गुजरने वाले मरीज, तीमारदार और आम राहगीर लगातार फिसलकर गिर रहे हैं। खुदाई करने वाली ठेकेदार फर्म श्रीराम कंस्ट्रक्शन की लापरवाही अब हजारों शहरवासियों, स्कूल जाने वाली छात्राओं और अस्पताल पहुँचने वाले मरीजों पर भारी पड़ रही है।
🎥 देखें वीडियो रिपोर्ट: https://youtu.be/DpavRVpCsI0?si=uhWPcHw-W0YfQRh3
अस्पतालों के रास्ते पर फैली कीचड़, दोपहिया वाहन चालक हो रहे शिकार
पुलिस कमिश्नरेट की ओर से ट्रैफिक पुलिस ने 15 मई से 15 जून के बीच सड़क की खुदाई की अनुमति दी थी, लेकिन ठेकेदार फर्म श्रीराम कंस्ट्रक्शन तय समयसीमा में काम पूरा नहीं कर पाई। हरीपर्वत से दिल्ली गेट के बीच सरकार नर्सिंग होम और पेट्रोल पंप वाली सड़क पर जगह-जगह मिट्टी के ढेर पड़े हुए हैं। बारिश होते ही यह मिट्टी पूरे मार्ग पर फैल गई, जिससे नर्सिंग होम, ब्लड बैंक, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड सेंटर, पैथोलॉजी और होटल-रेस्तरां में आने वाले लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। ठेकेदार फर्म ने खुदाई के बाद मिट्टी नहीं हटाई, जिसके चलते डिवाइडर के पार दूसरी लेन भी कीचड़ से पट गई है।
क्षेत्रीय पार्षद शरद चौहान ने बताया कि वह हरीपर्वत से दिल्ली गेट के बीच डेढ़ घंटे में पहुँच सके। केवल एक लेन चालू होने के कारण भारी जाम लग गया और उनके सामने ही कई दोपहिया वाहन चालक कीचड़ में फिसलकर गिर पड़े। इस बदहाली से क्वीन विक्टोरिया इंटर कॉलेज की हजारों छात्राओं और उनके अभिभावकों को भी रोज जूझना पड़ रहा है।
पांचों सड़कों पर बुरा हाल, नगर निगम ने लगाए 48 पंप
सीएम ग्रिड योजना के तहत निर्माणाधीन सभी पांच सड़कों का यही हाल है। बसई से इंद्रापुरम रोड पर एक माह पहले बारिश में 15 कारें और वैन फंस गई थीं। इस बार टेढ़ी बगिया से कालिंदी बिहार रोड पर दलदल से फिसलन बनी हुई है। बसई रोड पर गिट्टियां डालने के बाद भी कई जगह सड़क धंस गई है। यही स्थिति मारुति एस्टेट से सुभाष पार्क के बीच है, जहाँ सीवर लाइन और यूटिलिटी डक्ट की खुदाई मुसीबत बन चुकी है। अमर होटल से राजपुर चुंगी के बीच बन रही सड़क पर भी चलना मुहाल हो गया है।
जलभराव और जल निकासी की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने सोमवार को शहर में 48 जगह पंप लगाए हैं। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बताया कि जलभराव की आशंका वाले संवेदनशील स्थानों पर कर्मचारियों को तैनात किया गया है और पानी की पूरी निकासी होने तक सभी पंप लगातार चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें

Thakur Pawan Singh
Chief Editor, Taj News
7579990777




