बटेश्वर धाम समेत आगरा के मंदिरों पर खर्च होंगे 21 करोड़, एत्माद्दौला के बाहर टूटेंगे जर्जर कियोस्क, बनेगी पार्किंग

खबर शेयर कीजिए

Agra Desk, 🌐 tajnews.in | Tuesday, 21 Jul, 2026, 03:45:10 PM IST.

Taj News Logo
Taj News
Agra Desk

tajnews.in | आगरा: ताजनगरी में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शासन ने खजाना खोल दिया है। सोमवार को सर्किट हाउस में प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में वित्तीय वर्ष 2026-27 के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिले के प्रसिद्ध मंदिरों के कायाकल्प और पर्यटक सुविधाओं के विस्तार का पूरा खाका तैयार किया गया। इसके तहत बाह स्थित प्राचीन बटेश्वर धाम के हेरिटेज कंजर्वेशन के लिए सबसे ज्यादा 12 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा गया है। वहीं शहर और देहात के 9 अन्य मंदिरों पर 1.40-1.40 करोड़ रुपये खर्च कर यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही पथकर सलाहकार समिति की बैठक में एत्माद्दौला स्मारक के बाहर बने जर्जर कियोस्क तोड़कर वाहनों के लिए नई पार्किंग बनाने का फैसला लिया गया है।

HIGHLIGHTS
  1. बटेश्वर धाम को 12 करोड़: प्राचीन मंदिरों के संरक्षण और हेरिटेज कंजर्वेशन के लिए स्वीकृत होगी सबसे बड़ी धनराशि।
  2. 9 मंदिरों की बदलेगी सूरत: शहर और देहात के 9 प्रमुख मंदिरों पर 1.40-1.40 करोड़ रुपये से बनेंगे बहुउद्देशीय हॉल व पेयजल व्यवस्था।
  3. एत्माद्दौला पर नई पार्किंग: स्मारक के बाहर कई दशकों पुराने जर्जर कियोस्क तोड़कर सड़क पर जाम की समस्या की जाएगी खत्म।
  4. कोठी मीना बाजार का पुनरोद्धार: ऐतिहासिक मैदान के सौंदर्यीकरण और अटल बिहारी वाजपेयी मेमोरियल के कार्यों को मिली हरी झंडी।

इन 9 प्रमुख मंदिरों में विकसित होंगी आधुनिक सुविधाएं

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि बटेश्वर के अलावा शहर और देहात के 9 मंदिरों में 1.40-1.40 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य कराए जाएंगे। इनमें बहुउद्देशीय हॉल, आकर्षक लाइट व्यवस्था, शौचालय, पीने का पानी, क्यूआर कोड वाले साइनेज, यात्रियों के बैठने के लिए बेंच और लैंडस्केपिंग का काम होगा। कायाकल्प के लिए चुने गए मंदिरों में दयालबाग का श्री बालाजी धाम मंदिर, शीतला गली का प्राचीन कुटुंबी भैरवनाथ मंदिर, जयपुर हाउस का श्री चिंताहरण महादेव मंदिर, डिफेंस एस्टेट फेज-1 का दुर्गा मंदिर, अकोला का घासी बाबा मंदिर, रामनगर (खंडौली) का लाल मंदिर, सैंया के वृथला का श्री लीला विलास मंदिर, किरावली का मौनी बाबा मंदिर और भटाकी पीपरी मेवली खुर्द का श्री शिव मंदिर शामिल हैं। इसके साथ ही कोठी मीना बाजार मैदान का सौंदर्यीकरण, भिलावली (खैरागढ़) के हनुमान मंदिर में विकास कार्य और बटेश्वर धाम में अटल बिहारी वाजपेयी मेमोरियल में कियोस्क व एमिनिटीज के काम प्रस्तावित किए गए हैं।

एत्माद्दौला के बाहर हटेंगे जर्जर कियोस्क, पार्किंग से खत्म होगा जाम

उधर, पथकर सलाहकार समिति की 41वीं बैठक में एत्माद्दौला स्मारक के सामने लोक निर्माण विभाग की जमीन पर बने पुराने व जर्जर कियोस्क हटाने पर सहमति बन गई है। टूरिज्म गिल्ड ऑफ आगरा के पूर्व अध्यक्ष राजीव सक्सेना ने बताया कि ये कियोस्क सालों से खाली और जर्जर पड़े थे, जिससे पर्यटकों की गाड़ियां सड़क पर खड़ी होती थीं और जाम लगता था। अब इन्हें तोड़कर नई पार्किंग बनाई जाएगी। इसके अलावा समिति ने ताजगंज प्रोजेक्ट की टूट-फूट का काम 14 नवंबर तक, शमसाबाद रोड पर इनर रिंग रोड फ्लाई ओवर के पास सौंदर्यीकरण का काम 15 मई तक और टाटा गेट से पथौली नहर तक स्ट्रीट लाइट लगाने का काम इसी माह के अंत तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप, डीएम मनीष बंसल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा, विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, डॉ. जीएस धर्मेश, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, चौधरी बाबूलाल, भगवान सिंह कुशवाहा, रालोद जिलाध्यक्ष गोविंद शर्मा और क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें

इतिहास का वो अद्भुत स्वाद: कैसे चाट, गोल गप्पे बने भारत की सबसे लोकतांत्रिक डिश | बृज खंडेलवाल पासपोर्ट है, नागरिकता नहीं! भारतीय पहचान का नया गणित | वरिष्ठ पत्रकार बृज खंडेलवाल का प्रहार काफी हुआ है, बहुत बाकी है! चमकते एक्सप्रेसवे, जर्जर इंसाफ़: क्या सिर्फ़ सड़कें विकसित होने से देश विकसित होता है? | बृज खंडेलवाल सुप्रीम कोर्ट ने पैदल चलने को मौलिक अधिकार बनाया, अब परीक्षा आगरा की है | बृज खंडेलवाल का विशेष विश्लेषण “जनता मालिक, प्रतिनिधि सेवक: लोकतंत्र में वास्तविक VIP कौन?” | डॉ प्रमोद कुमार का विशेष विश्लेषण
Thakur Pawan Singh Editor in Chief Taj News

Thakur Pawan Singh

Chief Editor, Taj News


खबर शेयर कीजिए

Leave a Comment