Agra Desk, 🌐 tajnews.in | Wednesday, 29 July, 2026, 07:46:18 PM IST.

tajnews.in | आगरा: विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर सरोजिनी नायडू (एसएन) मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग स्थित राज्य संदर्भ प्रयोगशाला (एसआरएल) ने राष्ट्रीय वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम (एनवीएचसीपी) के तहत दो दिवसीय नि:शुल्क हेपेटाइटिस जांच एवं जनजागरूकता शिविर आयोजित किया। कार्यक्रम का संचालन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) प्रशांत गुप्ता के मार्गदर्शन में किया गया।

प्राचार्य प्रो. (डॉ.) प्रशांत गुप्ता ने कहा कि वायरल हेपेटाइटिस एक गंभीर, लेकिन पूरी तरह रोकथाम योग्य बीमारी है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच, सही जानकारी और उचित उपचार के माध्यम से इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि एसएन मेडिकल कॉलेज में राष्ट्रीय वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत हेपेटाइटिस की जांच, उपचार, दवाएं और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। उनका कहना था कि किसी भी मरीज को जानकारी या उपचार के अभाव में वंचित नहीं रहने दिया जाएगा और समाज को हेपेटाइटिस मुक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

दो दिवसीय शिविर के दौरान ओपीडी में आने वाले मरीजों की हेपेटाइटिस ए, बी, सी और ई की नि:शुल्क जांच की गई। जांच में संक्रमित पाए गए मरीजों को राष्ट्रीय वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम के तहत नि:शुल्क उपचार, आवश्यक दवाएं और नियमित फॉलो-अप की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. अंकुर गोयल, एसआरएल की नोडल अधिकारी डॉ. आरती अग्रवाल, मॉडल ट्रीटमेंट सेंटर (एनवीएचसीपी) के नोडल अधिकारी डॉ. सूर्यकमल, डॉ. प्रज्ञा, डॉ. विकास और डॉ. पारुल ने विश्व हेपेटाइटिस दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समय पर जांच, सही उपचार, रोकथाम और जनजागरूकता को हेपेटाइटिस उन्मूलन की दिशा में सबसे प्रभावी उपाय बताया।
शिविर के सफल आयोजन में ब्लड बैंक विभागाध्यक्ष डॉ. नीतू चौहान, डॉ. प्रीति भारद्वाज, डॉ. अंकिता, डॉ. श्रुति, डॉ. कल्याणी सहित अंकिता, बंटी, प्रकाश, देवेश, शबनम, पुष्पा और अन्य सहयोगी कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने सभी चिकित्सकों और सहयोगी टीम के योगदान की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनस्वास्थ्य कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
यह भी पढ़ें

Thakur Pawan Singh
Chief Editor, Taj News
7579990777




