National Desk, 🌐 tajnews.in | Saturday, 25 July, 2026, 11:35:35 AM IST.

tajnews.in | नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बताया है कि चिकित्सकीय जांच में उन्हें टायफाइड होने की पुष्टि हुई है। इसके बावजूद उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर उनका आंदोलन जारी रहेगा।
अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “मुझे टायफाइड होने की पुष्टि हुई है, लेकिन धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा देने तक यह लड़ाई जारी रहेगी।” उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से वह तेज बुखार और शरीर में दर्द से जूझ रहे थे, जिसके कारण जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन से कुछ समय के लिए दूर रहे।
सीजेपी ने कहा कि नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर आंदोलन पहले की तरह जारी रहेगा।
सरकार के साथ हुई बातचीत पर पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के 47 अधिकारियों को हटाए जाने संबंधी जानकारी का विस्तृत अध्ययन किया जाएगा। उनके अनुसार, यह देखा जाएगा कि किन अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है और उसके क्या कारण हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की जवाबदेही तय करने और उनके इस्तीफे की मांग पर अब भी कायम है।
आशुतोष रांका ने कहा कि यदि सरकार शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर कोई निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन की अगली रणनीति तय की जाएगी। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि सरकार के साथ हुई वार्ता में मुआवजे और कानूनी मामलों से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक संकेत मिले हैं तथा इन बिंदुओं पर सैद्धांतिक सहमति बनी है। पार्टी को उम्मीद है कि इन विषयों पर लिखित सहमति भी प्राप्त होगी।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में सीजेपी के प्रतिनिधियों ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह से मुलाकात की थी। बैठक के बाद सरकार की ओर से बताया गया कि आंदोलनकारियों की तीन प्रमुख मांगों और परीक्षा प्रणाली में सुधार से जुड़े सुझावों पर चर्चा हुई तथा वार्ता आगे भी जारी रखने पर सहमति बनी।
यह भी पढ़ें

Thakur Pawan Singh
Chief Editor, Taj News
7579990777




