Agra Desk, Taj News | Sunday, 28 June 2026, 05:25:10 PM IST

आगरा: ताजनगरी के मंडलायुक्त सभागार में आयोजित लोक निर्माण विभाग (PWD) की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक बेहद सहज और विनोदी रूप चर्चा का विषय बन गया। जहाँ एक तरफ मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को अवैध खनन और विकास कार्यों में शिथिलता बरतने पर जेल भेजने की कड़ी हिदायत दी, वहीं दूसरी तरफ क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ उनके हल्के-फुल्के संवाद ने गंभीर माहौल को पूरी तरह खुशनुमा बना दिया। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा वरिष्ठ विधायक चौधरी बाबूलाल और राज्यसभा सदस्य नवीन जैन पर कसी गई चुटीली टिप्पणियों पर समूचा सदन खुलकर ठहाके लगाने को मजबूर हो गया।
बैठक की कार्यवाही के दौरान जब सभी जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं और सड़क-पुल के प्रस्ताव प्रस्तुत कर रहे थे, तभी फतेहपुर सीकरी से सांसद राजकुमार चाहर ने एक स्थानीय धार्मिक स्थल के कायाकल्प का मुद्दा उठाया। उन्हीं के सुर में सुर मिलाते हुए फतेहपुर सीकरी के वरिष्ठ विधायक चौधरी बाबूलाल ने भी अपने क्षेत्र के ऐतिहासिक धर्मस्थल पश्चिमाई के पर्यटन विकास की पुरजोर मांग रखी। चौधरी बाबूलाल की बात पूरी होते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंद मुस्कान के साथ उनकी ओर देखा और चुटकी लेते हुए बोले—”बाबूलाल जी, धर्मस्थल का विकास तो मैं बिल्कुल करा दूंगा, लेकिन पहले मुझसे वादा करिए कि आप खुद भी वहां नियमित रूप से पूजा-पाठ में लग जाएंगे, वैसे भी अब आपके पूजा-पाठ में लगने का ही समय है।” मुख्यमंत्री की यह चुटीली टिप्पणी सुनते ही पूरा सभागार हंसी के ठहाकों से गूंज उठा।
बैठक के शुरुआती सत्र में भी मुख्यमंत्री ने बैठने की व्यवस्था को लेकर विधायक चौधरी बाबूलाल को दूर बैठे देख मजाकिया लहजे में कहा था—”अरे बाबूलाल जी, आप वहां पीछे कहाँ जाकर बैठ गए हैं? आपको तो अपनी नियत सीट पर सांसद राजकुमार चाहर के बिल्कुल बराबर में बैठना चाहिए, आपकी जगह तो चाहर जी के बगल में ही है।” मुख्यमंत्री के इस अपनेपन और सहज परिहास को बैठक में मौजूद सभी मंत्रियों, सांसदों और जिलाधिकारियों ने बेहद सकारात्मक रूप में लिया, जिससे कुछ देर के लिए प्रशासनिक तनाव का माहौल पूरी तरह शांत हो गया।
मुख्यमंत्री का यह विनोदी सिलसिला यहीं नहीं थमा। इसके बाद राज्यसभा सदस्य नवीन जैन ने आगरा कैंट रेलवे स्टेशन क्षेत्र की एक मुख्य संपर्क सड़क की दुर्दशा का गंभीर मामला सदन के सम्मुख रखा। नवीन जैन ने बताया कि छावनी परिषद, नगर निगम और लोक निर्माण विभाग तीनों ही इस सड़क के मालिकाना हक और मरम्मत की जिम्मेदारी एक-दूसरे पर टाल रहे हैं, जबकि भारी अवैध डंपरों के लगातार गुजरने से यह पूरी सड़क खस्ताहाल हो चुकी है। इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल हंसते हुए पलटवार किया—”नवीन जी, छावनी की इस सड़क से जो भारी डंपर गुजर रहे हैं, कहीं वे आपके अपने ही डंपर तो नहीं हैं?” मुख्यमंत्री की इस हाजिरजवाबी पर एक बार फिर सदन में मौजूद जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी अपनी हंसी नहीं रोक पाए और स्वयं नवीन जैन भी इस आत्मीय चुटकी पर मुस्कुराते हुए नजर आए।
लोनिवि के इस गहन मंथन और समीक्षा सत्र में जहाँ मुख्यमंत्री का यह सहज रूप सबसे अधिक चर्चा का केंद्र बना, वहीं उन्होंने स्पष्ट किया कि इन हल्के-फुल्के क्षणों के बावजूद जनहित की योजनाओं की गुणवत्ता और समयबद्धता पर उनका रुख बेहद सख्त है। उन्होंने अधिकारियों को दोटूक शब्दों में चेताया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए हर एक जनसमस्या के बिंदु का निस्तारण समयसीमा के भीतर उच्च मानकों के साथ धरातल पर दिखना चाहिए।
यह भी पढ़ें
YogiAdityanathAgra, PWDReviewAgra, ChoudharyBabulalMLA, NaveenJainBJP, RajkumarChaharMP, AgraMandalSamiiksha, AgraCanttRoadIssue, PaschimaiDhamAgra, UttarPradeshNews, TajNews

Thakur Pawan Singh
Chief Editor, Taj News
7579990777




