‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 400 से अधिक शिक्षक, छात्र-छात्राएं और कर्मचारी हुए शामिल
Agra Desk, 🌐 tajnews.in | Tuesday, 11 August, 2026, 5:11:00 PM IST.

tajnews.in | आगरा: ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत एस.एन. मेडिकल कॉलेज, आगरा में मंगलवार को तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, देशप्रेम और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया गया। रैली का नेतृत्व महाविद्यालय के प्रधानाचार्य एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता ने किया।
रैली में मेडिकल, नर्सिंग और पैरामेडिकल संकाय के 400 से अधिक शिक्षक, छात्र-छात्राएं और कर्मचारी शामिल हुए। स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में तिरंगा लेकर निकले प्रतिभागियों से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में नजर आया।

वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुआ शुभारंभ
रैली के शुभारंभ से पहले नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। इसमें शिक्षक, विद्यार्थी और कर्मचारियों ने भी सहभागिता की। इसके बाद प्रधानाचार्य कार्यालय से तिरंगा रैली रवाना हुई।
रैली रेडियोलॉजी विभाग तक पहुंची और वहां से वापस प्रधानाचार्य कार्यालय होते हुए एस.एन. मेडिकल कॉलेज के पुस्तकालय परिसर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। इस दौरान ‘वंदे मातरम्’, ‘भारत माता की जय’ और ‘जय हिंद’ के नारों से परिसर गूंजता रहा।
📹 तिरंगा रैली का विशेष वीडियो यहाँ देखें:
तिरंगा गौरव, स्वतंत्रता और एकता का प्रतीक : डॉ. प्रशांत गुप्ता
रैली के समापन पर पुस्तकालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि तिरंगा केवल देश का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि गौरव, स्वतंत्रता, एकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
उन्होंने सभी से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे सम्मान और उत्साह के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने की अपील भी की।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। समापन पर एक बार फिर ‘वंदे मातरम्’, ‘भारत माता की जय’ और ‘जय हिंद’ के नारों से परिसर गूंज उठा।
तिरंगा रैली के माध्यम से एस.एन. मेडिकल कॉलेज परिसर में राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया गया।
यह भी पढ़ें

Pawan Kumar Singh
Chief Editor, Taj News
7579990777




