आगरा फोर्ट–एटा पैसेंजर के नियमित ठहराव का आग्रह, रेल मंत्री ने परीक्षण के बाद कार्रवाई का दिया आश्वासन
Agra Desk, 🌐 tajnews.in | Wednesday, 5 August, 2026, 3:38:00 AM IST

tajnews.in | नई दिल्ली/आगरा: अवागढ़ रेलवे स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन के ठहराव की मांग को लेकर केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी तथा पंचायती राज राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने केंद्रीय रेल, इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। ताज न्यूज़ की रपट के अनुसार, अवागढ़ रेलवे स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन के ठहराव की मांग के संबंध में उन्होंने रेल मंत्री को एक आग्रह-पत्र सौंपते हुए ट्रेन संख्या 51901/51902 आगरा फोर्ट–एटा पैसेंजर/एटा–आगरा फोर्ट पैसेंजर का नियमित ठहराव सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।
केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने रेल मंत्री को बताया कि बरहन–एटा रेल लाइन पर स्थित अवागढ़ रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र, किसान, व्यापारी, कर्मचारी और आम नागरिक आगरा, एटा तथा अन्य स्थानों की यात्रा करते हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित पैसेंजर ट्रेन का यहां ठहराव न होने के कारण यात्रियों को दूसरे रेलवे स्टेशनों से ट्रेन पकड़ने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है।
स्थानीय यात्रियों को मिलेगी बड़ी सुविधा
प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि अवागढ़ एक महत्वपूर्ण कस्बा होने के साथ-साथ ब्लॉक, थाना और नगर पंचायत मुख्यालय भी है। ऐसे में यहां ट्रेन का नियमित ठहराव होने से स्थानीय नागरिकों के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार और व्यापार के सिलसिले में प्रतिदिन यात्रा करने वाले लोगों की आवाजाही अधिक सुगम हो सकेगी।
जनहित में स्वीकृति देने का किया आग्रह
केंद्रीय राज्य मंत्री ने रेल मंत्री से जनहित और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अवागढ़ रेलवे स्टेशन पर आगरा फोर्ट–एटा पैसेंजर तथा एटा–आगरा फोर्ट पैसेंजर के नियमित ठहराव को स्वीकृति देने का आग्रह किया।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस मांग पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित रेलवे अधिकारियों को नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही।
यह भी पढ़ें

Pawan Kumar Singh
Chief Editor, Taj News
7579990777




