Agra Desk, 🌐 tajnews.in | Wednesday, 1 July 2026, 09:15:20 PM IST

आगरा: सरोजनी नायडू मेडिकल कॉलेज (SNMC) में राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के मौके पर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कॉलेज के एमबीबीएस (MBBS) छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियों से सबका मन मोह लिया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि और एसएनएमसी के प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने दीप प्रज्वलन कर की। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने डॉक्टरों के जीवन, उनके रोजमर्रा के संघर्ष और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी को दिखाते हुए कई प्रस्तुतियां दीं। छात्रों ने ग्रुप और सोलो डांस पेश किए, वहीं कुछ छात्रों ने डॉक्टरों के त्याग पर भावुक कविताएं सुनाईं, जिन्हें वहां मौजूद लोगों ने खूब सराहा।

“डॉक्टर केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है।”
— डॉ. प्रशांत गुप्ता, प्रधानाचार्य, एस.एन.एम.सी., आगरा
संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने अपने भाषण में सभी डॉक्टरों और भावी डॉक्टरों को डॉक्टर्स डे की बधाई दी। उन्होंने कहा कि कोविड काल से लेकर आज तक डॉक्टरों ने हमेशा अपनी जान की परवाह किए बिना मरीजों की सेवा की है। उन्होंने छात्रों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्य का पालन करने के लिए कहा।

इस मौके पर कॉलेज के पुराने इतिहास को याद करते हुए संस्थान के उन तीन वरिष्ठ डॉक्टरों का भी विशेष रूप से जिक्र किया गया, जिन्होंने चिकित्सा के क्षेत्र में देश का सर्वोच्च सम्मान ‘डॉ. बी.सी. रॉय राष्ट्रीय पुरस्कार’ प्राप्त कर एसएनएमसी का नाम पूरे देश में रोशन किया है। इनमें मेडिसिन विभाग के पूर्व अध्यक्ष एवं न्यूक्लियर मेडिसिन विशेषज्ञ प्रोफेसर डी. के. हाजरा, बाल रोग विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ राजेश्वर दयाल और संस्थान के पूर्व प्रधानाचार्य एवं प्रख्यात पैथोलॉजिस्ट प्रोफेसर प्रेम नाथ वाही शामिल हैं, जो आज भी जूनियर डॉक्टरों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं और प्रस्तुतियों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित भी किया गया। इस दौरान कॉलेज के उप प्राचार्य डॉ टी पी सिंह, सीएमएस डॉ जीवी सिंह, डॉ प्रभात अग्रवाल, सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ राजेश गुप्ता, डॉ कामना सिंह, डॉ गीतू सिंह, डॉ नीतू, डॉ योगिता, डॉ उर्वशी, डॉ सलोनी सिंह, डॉ प्रीति भारद्वाज आदि फैकल्टी मेंबर्स और भारी संख्या में मेडिकल छात्र मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें
NationalDoctorsDayAgra, SNMedicalCollegeAgra, MBBSStudentsCulturalProgram, DrPrashantGuptaPrincipal, BCRoyAwardWinnersAgra, DrDKHazraMedicine, DrRajeshwarDayalPediatrics, ProfPremNathWahiAgra, MedicalCollegeAgraNews, TajNews

Thakur Pawan Singh
Chief Editor, Taj News
7579990777




