Agra Desk, 🌐 tajnews.in | Wednesday, 01 July 2026, 09:45:00 PM IST

आगरा: भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर द्वारा डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती संस्मरण पखवाड़ा के अंतर्गत प्रतापपुरा स्थित ‘द रमाना ग्रैंड’ में एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस सम्मेलन में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर चुनावी शंखनाद किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने 2500 से अधिक कार्यकर्ताओं में आगामी चुनाव को लेकर भारी जोश भरा। इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि सुधांशु त्रिवेदी, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक पुरषोत्तम खंडेलवाल, विधायक जी एस धर्मेश, शिव शंकर शर्मा और गामा प्रसाद दुबे ने डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद खचाखच भरे हॉल में सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं ने मिलकर सामूहिक रूप से वंदे मातरम् गीत गाया।

कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने अपने 55 मिनट के ओजस्वी भाषण में डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान की गाथा सुनाई और साथ ही विपक्ष पर जमकर राजनीतिक प्रहार किए। उन्होंने कहा कि जनसंघ के संस्थापक पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी का त्याग, राष्ट्र भक्ति और एकात्म भारत का विचार आज भी भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणादायक है। भाजपा के एक-एक कार्यकर्ता का संगठन के प्रति समर्पण ही हमारी असली ताकत है। उन्होंने सम्मेलन में आए सभी कार्यकर्ताओं को राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ काम करने, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने, जनसंपर्क का विस्तार करने और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प दिलाया।

अपने संबोधन के दौरान उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को पूरा करते हुए कश्मीर से धारा 370 को हमेशा के लिए खत्म किया। इसके साथ ही अयोध्या में राम मंदिर का भव्य निर्माण कराया गया, काशी विश्वनाथ और उज्जैन महाकाल जैसे पवित्र धार्मिक स्थलों का जीर्णोद्धार कराया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को खुशखबरी देते हुए कहा कि जल्द ही मथुरा-वृंदावन में भी कॉरिडोर निर्माण का रास्ता साफ होते ही वहां तेजी से कार्य आरंभ होने वाला है। चुनावी परिदृश्य पर बात करते हुए उन्होंने दावा किया कि हरियाणा, दिल्ली, बिहार और बंगाल के बाद अब पंजाब में भी भाजपा का आधार मजबूत हो रहा है और उत्तर प्रदेश में तीसरी बार फिर से पूर्ण बहुमत के साथ कमल खिलेगा।

इससे पहले मंच से बोलते हुए राज्यसभा सांसद नवीन जैन, विधायक पुरषोत्तम खंडेलवाल और महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन संघर्ष और उनके देश की एकता व अखंडता के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान के प्रसंगों को कार्यकर्ताओं के साथ विस्तार से साझा किया। वक्ताओं ने कहा कि पार्टी की मजबूती उसके वैचारिक सिद्धांतों और समर्पित कार्यकर्ताओं पर टिकी है। आज का यह सम्मेलन आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।

इस विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व सांसद प्रभुदयाल कठेरिया, शिव शंकर शर्मा, गामा प्रसाद दुबे, टी एन अग्रवाल, नवल तिवारी, अशोक पिप्पल, निर्मला दीक्षित, अरुण पाराशर, हेमंत भोजवानी, महेश शर्मा, नीतेश शिवहरे, वैभव जैन, मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल, राजू परमार, अंकित शर्मा, माधुरी माहोर, डॉक्टर निधि शर्मा, नंदी महाजन, दीपू जादोन, मनमोहन कुशवाह, मनवीर चौहान, राहुल सागर, दीपक ढल, अनिल सारस्वत, नेहा गुप्ता, अंजू गर्ग, विक्रांत तिवारी, के के सिकरवार, बंटी धाकड़, शेलू पंडित, ललित शर्मा, हिमांशु ठाकुर, श्याम राव, दीपिका मित्तल, कुशल गोयल, आदित्य अग्रवाल, बबीता पाठक, सीमा सिंघल, संध्या माहोर सहित विभिन्न मंडलों और मोर्चों के 2500 से अधिक महिला, युवा और पुरुष कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें
SudhanshuTrivediAgra, BJPWorkerConferenceAgra, ShyamaPrasadMukherjeeJayanti, RajkumarGuptaBJP, NaveenJainMP, PurushottamKhandelwalMLA, GSDharmeshMLA, AgraElections2027, UttarPradeshPolitics, TajNews

Thakur Pawan Singh
Chief Editor, Taj News
7579990777




