National Desk, 🌐 tajnews.in | Tuesday, 21 July, 2026, 08:30:00 PM IST.

tajnews.in | नई दिल्ली: NEET पेपर लीक मामले और शिक्षा प्रणाली में व्याप्त धांधली के खिलाफ संसद भवन से लेकर सड़कों तक सियासत गर्मा गई है। मंगलवार को जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के उग्र विरोध प्रदर्शन के बीच कांग्रेस और विपक्षी सांसदों ने सीधा मोर्चा खोल दिया। दोपहर करीब 3 बजे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, अखिलेश यादव, मल्लिकार्जुन खरगे, पवन खेड़ा और केसी वेणुगोपाल सहित कई दिग्गज नेता 7 लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री आवास से महज 100 मीटर की दूरी पर अचानक धरने पर बैठ गए। करीब तीन घंटे तक चले इस हाई-प्रोफाइल ड्रामे के बाद 100 से अधिक पुलिसकर्मियों ने जबरन बल प्रयोग करते हुए राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव को हिरासत में ले लिया। इस दौरान पुलिस की खिंचातानी में जमीन पर गिरने से राहुल गांधी की नाक पर चोट का निशान उभर आया, जबकि उनके हाथ सांकेतिक विरोध के तौर पर बंधे हुए थे।

खरगे के 80वें जन्मदिन पर बनी रणनीति, केंद्र पर साधा निशाना
सूत्रों के मुताबिक, लोक कल्याण मार्ग पर अचानक शुरू हुए इस प्रदर्शन की पूरी पटकथा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर तैयार की गई थी। गौरतलब है कि आज ही मल्लिकार्जुन खरगे का 80वां जन्मदिन भी है। इस दौरान मल्लिकार्जुन खरगे ने कड़े शब्दों में कहा कि कांग्रेस देश के करोड़ों युवाओं और छात्रों के हक की लड़ाई में पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि तानाशाह सरकार छात्रों पर लाठीचार्ज और बल प्रयोग कर अपनी नाकामियों को छिपाने का प्रयास कर रही है, जिसका करारा जवाब जनता देगी।

धरने के दौरान माहौल उस समय और तनावपूर्ण हो गया जब केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और गृह सचिव गोविंद मोहन बातचीत करने धरनास्थल पहुंचे। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने राहुल गांधी से दो बार वार्ता की और गृह मंत्री अमित शाह को पल-पल की रिपोर्ट दी। हालांकि वार्ता बेनतीजा रही। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार संसद में NEET पर चर्चा के लिए तैयार थी, लेकिन राहुल गांधी अब शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की नई शर्त जोड़कर अपनी ही बात से मुकर रहे हैं। इसके विपरीत राहुल गांधी अपनी दोनों मांगों पर अड़े रहे।

पुलिस की जबरदस्त धक्का-मुक्की, बस में लादकर मॉडल टाउन थाने भेजा
वार्ता विफल होने के बाद भारी पुलिस बल ने इलाके को घेर लिया। पुलिसकर्मियों ने जब राहुल गांधी को खुद उठकर बस में बैठने को कहा तो उन्होंने इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने हाथ-पैर से पकड़कर राहुल गांधी को उठाने का प्रयास किया। इस खींचतान के दौरान राहुल गांधी एक बार जमीन पर गिर पड़े, जिससे उनकी नाक के बाएं तरफ चोट लग गई और खून की खरोंच साफ दिखाई देने लगी।

महिला पुलिसकर्मियों ने प्रियंका गांधी वाड्रा को भी जबरन पकड़कर पुलिस बस में बिठाया। बस में बैठते हुए प्रियंका गांधी ने जोर-शोर से नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से इस्तीफे की मांग की। पुलिस ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और सभी को मॉडल टाउन थाने ले जाया गया।


सोशल मीडिया पर राहुल का प्रहार, CJP के प्रदर्शन से उबली दिल्ली
हिरासत में लिए जाने के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “छात्रों पर हमला हर भारतीय परिवार पर हमला है। प्रधानमंत्री को लगता है कि वह बिना जवाब दिए और बिना किसी नतीजे का सामना किए बच निकलेंगे। वह नहीं कर पाएंगे, इस बार तो बिल्कुल नहीं।”


इससे पूर्व सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं ने संसद तक मार्च निकालने का प्रयास किया था, जिस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े थे। बाद में CJP नेता सौरव दास ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा था। फिलहाल पूरे लुटियंस दिल्ली क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही में भी इस हंगामे की गूंज देखने को मिल रही है।


यह भी पढ़ें

Thakur Pawan Singh
Chief Editor, Taj News
7579990777




