Tuesday, 09 December 2025, 12:40:17 PM. Agra, Uttar Pradesh
मुंबई की फिल्म सिटी में दिसंबर की हल्की ठंडक के बीच मनोरंजन जगत में एक नई गर्मी महसूस की जा रही है। 2025 अलविदा कह रहा है और अपने पीछे कई यादें और बदलाव छोड़ रहा है। दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का जाना एक युग का अंत था, लेकिन ओटीटी और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स ने उनकी विरासत को ‘धर्मेंद्र यूनिवर्स’ के रूप में जीवित रखने का बीड़ा उठाया है। दूसरी तरफ, 2026 भारतीय सिनेमा के लिए क्रांतिकारी बदलाव लेकर आ रहा है। नेटफ्लिक्स और वार्नर ब्रदर्स का ऐतिहासिक गठजोड़, दक्षिण भारतीय सिनेमा का ग्लोबल दबदबा, रणवीर सिंह का ‘धुरंधर’ अवतार और कश्मीर से उठती देसी सुपरहीरो ‘ज़ेबा’—ये सब मिलकर मनोरंजन की दुनिया का नक्शा बदलने वाले हैं। टीवी से लेकर बड़े पर्दे तक, हर जगह नई ऊर्जा और नई कहानियों का सैलाब उमड़ने को तैयार है। पॉपकॉर्न तैयार रखिए, क्योंकि 2026 भारतीय दर्शकों के लिए एक विजुअल ट्रीट साबित होने वाला है।
बदलती मनोरंजन की दुनिया : 2026 में हम क्या-क्या देखने वाले हैं
बृज खंडेलवाल
मुंबई की फिल्म सिटी में दिसंबर की हल्की-हल्की ठंडी हवा चल रही है, लेकिन दिल में एक अजीब सी सिहरन है। दूर-दूर तक बड़ी-बड़ी LED दीवारों पर नीली-लाल रोशनी नाच रही है। Netflix और Warner Bros मिलकर एक बड़ा मेगावर्स बना रहे हैं। ये सिर्फ तकनीक नहीं, बल्कि हिन्दुस्तानी सिनेमा के नक्शे पर खींची गई मोटी-सी नई लकीर है।
2025 का शोर-शराबा अब रास्ता पा चुका है। एक पुराना ज़माना अलविदा कह रहा है, और नया दौर ज़ोर-शोर से दस्तक दे रहा है।


धर्मेंद्र साहब हमें छोड़कर चले गए। उनके साथ वो शालीन, गबरू मर्दानगी भी चली गई, जिसे देखकर लड़कियाँ शरमा जाती थीं और लड़के सीना तान लेते थे। मगर OTT प्लेटफॉर्म्स ने मौका सूंघ लिया। अब “धर्मेंद्र यूनिवर्स” बन रहा है। उनकी पुरानी फिल्में नई चमक के साथ रीमास्टर हो रही हैं, नए किरदार उनकी अदा में ढाले जा रहे हैं। टिकटॉक-इंस्टाग्राम पर अचानक “ये ढाई किलो का हाथ…” और “बसंती, इन कुत्तों के सामने मत नाचना” फिर ट्रेंड करने लगे। तेज़ रफ़्तार वाला डिजिटल हिन्दुस्तान अचानक अपनी जड़ों में झांकने लगा है।
इधर रणवीर सिंह ने दिसंबर 2025 में “धुरंधर” के पहले हिस्से से बॉक्स ऑफिस को आग लगा दी। दूसरा पार्ट 2026 की शुरुआत में आएगा। उसमें बदला इतना ठंडा और गहरा होगा कि लोग थिएटर से बाहर निकलकर भी काँपते रहेंगे। ये सिर्फ एक्शन नहीं, एक नया नमूना है , देशभक्ति, दर्द और अंधेरे का ऐसा मसाला जो 2026 की ज्यादातर बड़ी फिल्मों का DNA बन सकता है।
दक्षिण भारत अब सिर्फ पैन-इंडिया नहीं, पैन-ग्लोबल ताकत बन चुका है। गोवा के IFFI 2025 में जब रजनीकांत साहब सम्मान लेने स्टेज पर आए तो पूरा हॉल खड़ा हो गया। अब वो खुद प्रोड्यूसर बन गए हैं। “जेलर 2” की एडवांस बुकिंग ने हॉलीवुड की कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया। प्रभास, जूनियर एनटीआर, यश, अल्लू अर्जुन , इनके नाम अब सिर्फ हिन्दुस्तान में नहीं, बैंकॉक, टोक्यो, लॉस एंजिल्स के मल्टीप्लेक्स में भी चमकते हैं। 2026 शायद पहला साल होगा जब दुनिया के टॉप-10 सबसे ज्यादा कमाने वाले भारतीय कलाकारों में आधे से ज्यादा दक्षिण के होंगे।
प्रियंका चोपड़ा वापस लौट रही हैं। ग्लोबल आइकन अब देसी प्रोजेक्ट ढूंढ रही हैं। खबर है कि वो कोई बहुत बड़ा हिंदी मेगा-प्रोजेक्ट साइन करने वाली हैं, जिसमें हॉलीवुड की तकनीक और बॉलीवुड की जज्बात का अनोखा मेल होगा। उधर महेश बाबू अपने वालिद सुपरस्टार कृष्ण को समर्पित बायोपिक “कृष्णा : द लीजेंड” ला रहे हैं। ये फिल्म इतनी भावुक और भव्य होगी कि आँखें भीगेंगी और तालियाँ भी बजेंगी।
टीवी अब छोटा पर्दा नहीं रहा। बिग बॉस 19 ने गौरव खन्ना को रातोंरात नेशनल क्रश बना दिया। 2026 में उनकी दो बड़ी-बड़ी दो फिल्में और तीन OTT सीरीज़ आने वाली हैं। टीवी वाले सीधे सिनेमाघर और OTT पर छलांग लगा रहे हैं और ज्यादातर कामयाब भी हो रहे हैं। छोटे पर्दे का ठप्पा टूट चुका है।
कश्मीर की बर्फीली वादियों से एक नई देसी सुपरहीरो उठ रही है , हूमा कुरैशी की “ज़ेबा”। ये हिन्दुस्तान का पहला औरत-केंद्रित सुपरहीरो यूनिवर्स होगा। इसकी जड़ें लोक कथाओं, रहस्यवाद और स्त्री-शक्ति में हैं। Marvel-DC को अब देसी जवाब मिलने वाला है।
लेकिन 2026 का असली भूचाल तो कुछ और है।
Netflix और Warner Bros का गठजोड़! दिसंबर 2025 में हुई घोषणा के बाद अब बात लगभग पक्की हो चुकी है। हैरी पॉटर, DC, लॉर्ड ऑफ़ द रिंग्स , ये सारी बड़ी फ्रेंचाइज़ी अब हिन्दुस्तानी दर्शकों के हिसाब से ढाली जाएंगी। बड़े-बड़े भारतीय सितारों के साथ को-प्रोडक्शन होने वाले हैं। थिएटर रिलीज़ के सिर्फ 45 दिन बाद फिल्में OTT पर आ जाएंगी। मल्टीप्लेक्स वाले रो रहे हैं, दर्शक झूम रहे हैं।
इसी बीच जियो और हॉटस्टार के मर्जर की खबरें भी जोरों पर हैं। 2026 में हर हाथ में नई स्क्रीन होगी और हर स्क्रीन पर नया कंटेंट।
2026 हिन्दुस्तानी कॉमेडी के लिए वही होने वाला है जो कपिल शर्मा की दादी की शादी , देर से आई, मगर धमाकेदार! सोशल मीडिया के नए देसी-मसालेदार जोकर्स अपनी चुटकुलों की कटार से टाइमलाइन छीलते रहेंगे। कपिल भाई खुद दो मोर्चों पर उतर रहे हैं , एक तरफ “दादी की शादी” का बाजा-बरात, दूसरी तरफ “किस किसको प्यार करूं 2” की अठखेलियां। ऊपर से नेटफ्लिक्स पर उनका नया सीज़न भी आ रहा है, जहाँ पुरानी फैमिली-फ्रेंडली कॉमेडी आज के मीम वाले दर्शकों को भी पेट पकड़कर हंसाने का दावा कर रही है।
ये धर्मेंद्र साहब के ज़माने को भावुक अलविदा है, रणवीर का नया गुस्सा है, रजनीकांत का नया अवतार है, प्रियंका की घरवापसी है, टीवी सितारों की बड़ी छलांग है, ज़ेबा जैसी देसी सुपरहीरो का उदय है, और Netflix-Warner की जोरदार टक्कर है।
परंपरा और तकनीक, देसी और विदेसी, सिनेमाघर और मोबाइल स्क्रीन , सब एक साथ सांस ले रहे हैं।
हिन्दुस्तानी मनोरंजन सिर्फ बदल नहीं रहा, वो खुद को फिर से जन्म दे रहा है। और ये नया जन्म बहुत शानदार होने वाला है।
2026 आ रहा है भाई… पॉपकॉर्न तैयार रखो!
बृज खंडेलवाल
#Bollywood2026 #Dharmendra #NetflixIndia #WarnerBros #SouthCinema #RanveerSingh #PriyankaChopra #OTTRevolution #TajNews #EntertainmentNews
भारत की महिलाओं को आर्थिक आज़ादी देने का समय: हर वयस्क महिला को ₹5,000 मासिक “यूनिवर्सल बेसिक सैलरी” क्यों बने राष्ट्रीय नीति?
Also read : ग्रामीण भारत की नई तस्वीर: इंटरनेट, मोबाइल क्रांति और सड़क कनेक्टिविटी ने बदल दिया देहात का स्वरूप
📧 pawansingh@tajnews.in
📱 अपनी खबर सीधे WhatsApp पर भेजें: 7579990777
👉 TajNews WhatsApp Channel
👉 Join WhatsApp Group
🌐 tajnews.in





