Agra Desk, 🌐 tajnews.in | Monday, 13 July, 2026, 08:15:10 PM IST.

tajnews.in | आगरा: आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों द्वारा की गई दबंगई के मामले ने अब बड़ा तूल पकड़ लिया है। रविवार देर रात पीड़ित डिप्टी स्टेशन सुपरिंटेंडेंट (डीएसएस) नरेंद्र सिंह चाहर अपनी पत्नी, बच्चों और साथी रेल कर्मचारियों को लेकर सीधे डीआरएम आवास पहुंच गए और गेट पर धरने पर बैठ गए। आधी रात को हुए इस प्रदर्शन और हंगामे के बाद रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी थाना पुलिस ने पीड़ित अफसर की तहरीर पर चारों नामजद आरपीएफ जवानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ताज न्यूज़ ग्राउंड जीरो रिपोर्ट: देखें आगरा कैंट स्टेशन पर रेल अधिकारी के साथ हुई मारपीट मामले का पूरा विजुअल अपडेट
रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पूरा विवाद रविवार सुबह उस समय शुरू हुआ जब अमृतसर से विशाखापत्तनम जा रही हीराकुंड एक्सप्रेस आगरा कैंट के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर आकर रुकी थी। इसी दौरान ट्रेन में सफर कर रहीं लुधियाना की महिला यात्री रंजीता राव पेठा खरीदने के लिए प्लेटफॉर्म पर उतरीं। खुले पैसे मिलने में देरी होने के कारण ट्रेन चलने लगी। महिला को परेशान और दौड़ते देख ड्यूटी पर मौजूद डिप्टी स्टेशन सुपरिंटेंडेंट नरेंद्र सिंह चाहर ने इंसानियत दिखाई और तुरंत गार्ड को सूचना देकर ट्रेन को रुकवा दिया, जिससे महिला सुरक्षित रूप से ट्रेन में दोबारा सवार हो सके।
हालांकि, वहां मौजूद आरपीएफ के जवानों ने इसे चेन पुलिंग की घटना समझ लिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद आरपीएफ कर्मियों ने अपनी वर्दी के रौब में आकर नरेंद्र सिंह चाहर के साथ मारपीट कर दी। जवानों ने उन्हें प्लेटफॉर्म पर पीटा और फिर घसीटते हुए आरपीएफ पोस्ट तक ले गए। इस घटना से रेल कर्मचारियों में भारी नाराजगी फैल गई। देर रात तक जब आरोपियों पर सख्त एक्शन नहीं हुआ, तो पीड़ित अफसर परिवार के साथ डीआरएम बंगले के बाहर बैठ गए। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और चारों सुरक्षाकर्मियों पर केस दर्ज किया गया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें

Thakur Pawan Singh
Chief Editor, Taj News
7579990777




