Sports Desk, 🌐 tajnews.in | Friday, 24 July, 2026, 09:41:33 PM IST.

tajnews.in | स्पोर्ट्स डेस्क: जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। उनकी अर्धशतकीय पारी के बाद भारत के पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने उनकी खुलकर सराहना करते हुए कहा कि वैभव सूर्यवंशी में ऐसी प्रतिभा और आत्मविश्वास है, जो उन्हें विशेष बनाता है।
आकाश चोपड़ा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा किए गए एक वीडियो में वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी का विश्लेषण किया। उन्होंने कहा कि उनकी क्षमता को समझने के लिए केवल तीन शॉट ही काफी हैं। आकाश चोपड़ा ने रिचर्ड नगारवा की गेंद पर स्क्वायर लेग के ऊपर लगाया गया छक्का, इसके बाद कवर क्षेत्र में खेला गया चौका और ऑफ स्टंप के बाहर मिली छोटी गेंद पर लॉन्ग ऑन के ऊपर जड़ा गया छक्का विशेष रूप से उल्लेखनीय बताया।
उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने भारतीय टीम में पदार्पण किया, टीम से बाहर भी हुए और फिर शानदार वापसी करते हुए अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला अर्धशतक जड़ दिया। उनके अनुसार, यह उनकी प्रतिभा के साथ-साथ मानसिक मजबूती को भी दर्शाता है।
आकाश चोपड़ा ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी की आक्रामक बल्लेबाजी गेंदबाजों को एक ही लाइन और लेंथ पर लगातार गेंदबाजी करने का मौका नहीं देती। उन्होंने कहा कि यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। वैभव सूर्यवंशी की तारीफ करते हुए आकाश चोपड़ा ने कहा, “एक बिहारी सब पर भारी होना शुरू हो चुका है।”
जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने 19 गेंदों में 50 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने चार चौके और चार छक्के लगाए। इस प्रदर्शन के साथ वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए।
भारत की पारी के दौरान अभिषेक शर्मा के जल्दी आउट होने के बाद वैभव सूर्यवंशी ने ईशान किशन के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 21 गेंदों में 45 रन की साझेदारी की। वैभव सूर्यवंशी की तेजतर्रार पारी की बदौलत भारत ने 126 रन के लक्ष्य को 13.2 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया।
यह भी पढ़ें

Thakur Pawan Singh
Chief Editor, Taj News
7579990777




