Agra Desk, 🌐 tajnews.in | Saturday, 25 July, 2026, 09:56:00 AM IST.

tajnews.in | आगरा: जनकपुरी महोत्सव 2026 की तैयारियों के साथ आयोजन क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विकास की कवायद तेज हो गई है। महोत्सव को सुव्यवस्थित और बेहतर ढंग से आयोजित करने के उद्देश्य से आयोजन समिति ने प्रस्तावित क्षेत्र का निरीक्षण कर विभिन्न विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार की है। इसके तहत सड़क, नाली, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
शुक्रवार को जनकपुरी आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव के नेतृत्व में क्षेत्रीय पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी और समिति के पदाधिकारियों ने प्रस्तावित जनकपुरी क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान केके नगर, शिवा कुंज, विनायक नगर, पुरुषोत्तम दास सावित्री देवी कैंसर हॉस्पिटल से भावना एस्टेट जाने वाली मुख्य सड़क, गणपति आशियाना आवासीय परिसर के आसपास का क्षेत्र, महर्षि पुरम से होली पब्लिक स्कूल मार्ग तथा नेशनल हाईवे बुलेट अड्डा से महर्षि पुरम तक के मार्गों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान सड़कों की स्थिति, नालियों और नालों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता तथा विद्युत व्यवस्था सहित विभिन्न नागरिक सुविधाओं का आकलन किया गया। समिति ने उन स्थानों को चिन्हित किया, जहां महोत्सव से पहले विकास कार्य कराए जाने की आवश्यकता है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव ने कहा कि क्षेत्र में अधिक से अधिक विकास कार्य कराना समिति की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित कार्यों में नई सड़कों का निर्माण, क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत, नई नालियों का निर्माण, नालों की सफाई, एलईडी स्ट्रीट लाइट की स्थापना, विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा पेयजल और जल निकासी व्यवस्था में सुधार शामिल हैं।
इसके अलावा प्रमुख चौराहों और मार्गों के सौंदर्यीकरण, पार्कों के विकास, दिशा-सूचक बोर्ड लगाने, पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने, सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की भी योजना बनाई गई है।
निरीक्षण के दौरान अरविंद शर्मा, संतोष कटारा, संजय गोयल, मनोज बंसल, राणा सुशील सिंह, नरेंद्र शर्मा, प्रभाकर शर्मा, स्वामीनाथ तिवारी, डॉ. संजीव चौहान, भूपेंद्र, निमित्त पोरवाल, शिवा यादव, ठाकुर सतीश जादौन सहित आयोजन समिति के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें

Thakur Pawan Singh
Chief Editor, Taj News
7579990777




