गणेश चौक स्थित ऐश्वर्य कॉम्प्लेक्स में आरती के बाद अतिथियों का सम्मान; बच्चों को प्रमाण पत्र देकर किया गया पुरस्कृत
आगरा डेस्क, 🌐 tajnews.in | सोमवार, 21 सितंबर 2026, 12:16:10 AM IST

आगरा, 19 सितंबर 2026। दयालबाग स्थित गणेश चौक, ऐश्वर्य कॉम्प्लेक्स में चल रहे गणेश महोत्सव में शनिवार शाम भव्य धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राधा-कृष्ण के स्वरूप में मनमोहक प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
बच्चों की सजीव और भावपूर्ण प्रस्तुति के दौरान पूरे पंडाल परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल छा गया। प्रस्तुति के पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं ने राधा-कृष्ण के गगनभेदी जयकारे लगाए और तालियां बजाकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
आरती के बाद अतिथियों का अभिनंदन
सांस्कृतिक कार्यक्रम के उपरांत भगवान गणेश की महाआरती संपन्न हुई, जिसमें आयोजन से जुड़े अतिथियों और गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। आरती के पश्चात आयोजकों द्वारा सभी आमंत्रित अतिथियों को पावन तस्वीरें भेंट कर उनका भावभीना स्वागत व सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए विशेष सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। विभिन्न सांस्कृतिक एवं धार्मिक प्रस्तुतियों में भाग लेने वाले बच्चों को प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। आयोजकों ने बच्चों की प्रतिभा की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बच्चों को मंच पर सम्मानित होते देख अभिभावकों और श्रद्धालुओं में भारी प्रसन्नता रही।
समारोह में प्रमुख लोगों की रही मौजूदगी
महोत्सव में भाजपा नेता रामकुमार शर्मा, दीपक खरे, मनोज बघेल, विजय मोहन गुप्ता, अनुप अग्रवाल, बीडी शर्मा, अश्वनी शर्मा, विपिन शर्मा, सौरभ रेपुरिया, पार्षद प्रेमदास, अमित दिवाकर, बल्देव बघेल, दिनेश गौतम, पूर्व पार्षद कुलवंत मित्तल, भरत हासानी तथा मीडिया प्रभारी विशाल सक्सेना सहित अन्य गणमान्य लोग प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
गणेश महोत्सव के दौरान प्रतिदिन आयोजित हो रहे धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ बच्चों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पूरे क्षेत्र में चर्चा और आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
यह भी पढ़ें

Thakur Pawan Singh
Chief Editor, Taj News
7579990777




