650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में कैलाश महादेव मंदिर पर होगा आयोजन, विचार गोष्ठी भी होगी
Agra Desk, 🌐 tajnews.in | Thursday, 6 August, 2026, 11:15:00 PM IST.

tajnews.in | आगरा: गुरु रविदास जयंती वर्ष के अंतर्गत संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महासभा की ओर से 8 अगस्त को कैलाश महादेव मंदिर, यमुना तट पर 21 कुंडीय समरसता महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। गुरु रविदास जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम की तैयारियों के तहत गुरुवार को संजय प्लेस स्थित होटल पीएल पैलेस में महायज्ञ के आमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया। इस अवसर पर महासभा के पदाधिकारियों ने संत गुरु रविदास के समानता, समरसता, सेवा और मानवता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।
500 से अधिक श्रद्धालु देंगे यज्ञ में आहुतियां
महासभा के अध्यक्ष रमेश कर्दम ने बताया कि 8 अगस्त को सुबह 9 बजे से प्रारंभ होने वाले महायज्ञ में 500 से अधिक श्रद्धालु वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुतियां अर्पित करेंगे। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य समाज में शांति, भाईचारा और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है। महायज्ञ के उपरांत संत गुरु रविदास के व्यक्तित्व, कृतित्व और सामाजिक दर्शन पर आधारित विचार गोष्ठी भी आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न विद्वान अपने विचार रखेंगे।
संत रविदास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
महासभा के सचिव अभिनव मौर्य ने बताया कि संत गुरु रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर पूरे वर्ष धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने जाति-पांति, ऊंच-नीच और भेदभाव का विरोध करते हुए समानता, प्रेम और मानवता का संदेश दिया, जिसे आज भी समाज में अपनाने की आवश्यकता है।
महासभा के प्रचार प्रमुख विजय सामा ने संत रविदास के प्रसिद्ध वचन “मन चंगा तो कठौती में गंगा” का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने बाहरी आडंबरों की अपेक्षा मन की पवित्रता, सत्य, सेवा और सदाचार को सर्वोच्च महत्व दिया। उनका संदेश आज भी सामाजिक सद्भाव और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
आमंत्रण पत्र का हुआ विमोचन
आमंत्रण पत्र विमोचन समारोह में महासभा के संरक्षक मानसिंह चौधरी एवं मनोज राजौरा, संघटक मनमोहन निरंकारी, कोषाध्यक्ष सीए संजीव महेश्वरी, उपाध्यक्ष राकेश जाटव, स्वागत महामंत्री हर्ष दिवाकर, सह सचिव डॉ. मीनाक्षी, डॉ. निष्ठा शर्मा, जतिन कुशवाहा, मंगल सिंह, बबीता पाठक, कार्यालय प्रमुख अभिषेक कोटिया, नवीन गौतम, राजेंद्र पाल सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
महासभा ने सभी श्रद्धालुओं और नागरिकों से 8 अगस्त को कैलाश महादेव मंदिर, यमुना तट पर आयोजित समरसता महायज्ञ एवं विचार गोष्ठी में सहभागिता कर संत शिरोमणि गुरु रविदास के समानता, सेवा और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
यह भी पढ़ें

Pawan Kumar Singh
Chief Editor, Taj News
7579990777




