Agra Desk, 🌐 tajnews.in | Tuesday, 4 August, 2026, 10:28:57 PM IST.

tajnews.in | आगरा: राष्ट्रीय अस्थि एवं जोड़ दिवस के अवसर पर आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी (एओएस) और आगरा पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में पुलिस लाइन्स स्थित प्रशांत मेमोरियल हॉल में ‘स्वस्थ प्रहरी–सशक्त पुलिस’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय अस्थि एवं जोड़ दिवस के उपलक्ष्य में ‘आगरा मूव्स बेटर–2026’ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों को कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर), कार्यस्थल पर सही शारीरिक मुद्रा (वर्कप्लेस एर्गोनॉमिक्स) तथा हड्डियों और जोड़ों के स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण एवं जागरूकता प्रदान की गई। ताज न्यूज़ की रपट के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान होने वाली मांसपेशियों, हड्डियों और जोड़ों से संबंधित समस्याओं से बचाव के उपायों की जानकारी देना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में जीवनरक्षक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना था।
सीपीआर का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया
आर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. रजनीश मिश्रा ने पुलिसकर्मियों को कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि हृदय गति रुकने जैसी आपात स्थिति में सही समय पर और सही तकनीक से दिया गया सीपीआर किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
सही कार्य-मुद्रा अपनाने पर दिया गया जोर
आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी के सचिव डॉ. संजय चतुर्वेदी ने पुलिस वर्कप्लेस एर्गोनॉमिक्स विषय पर प्रस्तुति देते हुए बताया कि लंबे समय तक खड़े रहना, पैदल गश्त करना, वाहन चलाना, कंप्यूटर पर कार्य करना, हथियार संभालना और भार उठाना पुलिसकर्मियों के शरीर पर अतिरिक्त दबाव डालता है। उन्होंने गर्दन, कमर, कंधों और घुटनों से जुड़ी समस्याओं से बचाव के लिए नियमित स्ट्रेचिंग, ड्यूटी के दौरान छोटे-छोटे विराम और सही कार्य-मुद्रा अपनाने की सलाह दी।
अधिकारियों ने फिटनेस और स्वास्थ्य का महत्व बताया
कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल, डीसीपी अली अब्बास, डीसीपी अलका सारस्वत तथा एसीपी राम प्रवेश गुप्ता ने पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य, फिटनेस और कार्यक्षमता के महत्व पर अपने विचार रखे। अधिकारियों ने प्रतिभागियों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए।
विशेषज्ञों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की दी सलाह
आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी की ओर से कार्यक्रम के चेयरमैन डॉ. डी.वी. शर्मा, अध्यक्ष डॉ. अतुल कुलश्रेष्ठ, डॉ. अशोक विज, डॉ. अनुपम गुप्ता, डॉ. संजीव वोहरा, डॉ. संजय चतुर्वेदी तथा डॉ. रजनीश मिश्रा उपस्थित रहे। विशेषज्ञों ने नियमित व्यायाम, संतुलित जीवनशैली और हड्डियों एवं जोड़ों से जुड़ी समस्याओं की समय पर पहचान एवं उपचार के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
स्वास्थ्य संरक्षण की दिलाई शपथ
कार्यक्रम के समापन पर अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल ने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, सही कार्य-मुद्रा अपनाने, नियमित व्यायाम करने तथा सुरक्षित कार्य-पद्धतियों का पालन करने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर यातायात पुलिस, पुलिस लाइन्स तथा विभिन्न इकाइयों के बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी ने बताया कि कठिन परिस्थितियों में लगातार ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों का स्वास्थ्य समाज की सुरक्षा से सीधे जुड़ा है। ‘आगरा मूव्स बेटर–2026’ अभियान के माध्यम से शहर के विभिन्न वर्गों को हड्डियों, जोड़ों, मांसपेशियों और बेहतर शारीरिक गतिशीलता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें

Pawan Kumar Singh
Chief Editor, Taj News
7579990777




