Agra Desk, 🌐 tajnews.in | Saturday, 25 July, 2026, 09:30:00 AM IST.

tajnews.in | आगरा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की शनिवार को टाटा ग्राउंड में प्रस्तावित जनसभा को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जनसभा में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लोगों को लाने हेतु 150 बसों की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए पार्टी पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं।
जनसभा की तैयारियों के संबंध में शुक्रवार को भाजपा की जिला कार्यकारिणी की बैठक जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और संगठनात्मक जिम्मेदारियों की समीक्षा की गई।
जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया ने कहा कि मुख्यमंत्री की जनसभा प्रदेश सरकार के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी। उन्होंने सभी मोर्चों, मंडल अध्यक्षों और पदाधिकारियों से जनसभा को सफल बनाने के लिए सक्रिय रूप से जुटने का आह्वान किया।
बैठक में मौजूद विधायकों और जनप्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का भरोसा दिया। इसके लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों से टाटा ग्राउंड तक लोगों को लाने के उद्देश्य से 150 बसों की व्यवस्था की गई है।
बैठक में विधानसभा और मंडलवार बस संचालन, पार्किंग व्यवस्था, आगंतुकों के स्वागत तथा कार्यक्रम के दौरान अनुशासन बनाए रखने सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर पूर्व विधायक महेश गोयल, कालीचरन सुमन, सत्य प्रकाश लोधी, सहदेव शर्मा, मुकेश चाहर, मनीष थापक, उमाशंकर माहौर, संतोष सिकरवार, नीरज परमार, अंबुज द्विवेदी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
उधर, एत्मादपुर क्षेत्र के गांव मनोहरपुर में भूमि अधिग्रहण के विरोध में किसानों का धरना शनिवार को 28वें दिन भी जारी रहा। किसानों का आरोप है कि आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) उनकी सहमति के बिना खेतों पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है।
किसान सुभाष चंद्र ने बताया कि उनकी लगभग छह बीघा भूमि का मामला वर्ष 2010 से उच्च न्यायालय में विचाराधीन है और भूमि को लेकर अब तक कोई समझौता नहीं हुआ है। इसके बावजूद एडीए जबरन कब्जे की कार्रवाई कर रहा है। किसानों ने मुख्यमंत्री के आगरा दौरे के दौरान काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है। धरने में महिला किसानों सहित कई ग्रामीण शामिल रहे।
यह भी पढ़ें

Thakur Pawan Singh
Chief Editor, Taj News
7579990777




