ताजनगरी में झमाझम बारिश और मेट्रो कार्य से यातायात व्यवस्था ध्वस्त: एमजी रोड पर लगा भीषण जाम, 5 किमी का सफर तय करने में लगे डेढ़ घंटे

खबर शेयर कीजिए

Agra Desk, 🌐 tajnews.in | Tuesday, 21 July, 2026, 08:35:00 AM IST.

Taj News Logo
Taj News
Agra Desk

tajnews.in | आगरा: ताजनगरी की जीवन रेखा कहे जाने वाले महात्मा गांधी मार्ग (एमजी रोड) और दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। सुबह से रुक-रुक कर हो रही बारिश, जगह-जगह जलभराव और मेट्रो निर्माण कार्य के चलते पूरे शहर में वाहनों के पहिए थम गए। जो भी व्यक्ति दोपहर में घर से बाहर निकला, वह घंटों जाम के भीषण झाम में फंसा रहा। स्थिति यह थी कि एमजी रोड पर महज पांच किलोमीटर की दूरी तय करने में वाहन चालकों को डेढ़ घंटे का वक्त लग गया। सबसे बुरा हाल स्कूली बच्चों और तीमारदारों का रहा, जो घंटों सड़कों पर बेबस खड़े रहे। शाम ढलने के बाद ही स्थिति कुछ हद तक सामान्य हो सकी।

HIGHLIGHTS
  1. भीषण ट्रैफिक जाम: शहर के प्रमुख चौराहों पर रेंगते नजर आए वाहन, भगवान टॉकीज चौराहे पर तीन घंटे तक स्थिति रही अत्यंत खराब।
  2. बारिश और मेट्रो कार्य का दोहरा प्रहार: सड़कों के संकरा होने और नालों के चोक होने से जलभराव के चलते धीमी पड़ी वाहनों की रफ्तार।
  3. स्कूली बच्चे परेशान: दोपहर में स्कूलों की छुट्टी के बाद वैकल्पिक मार्गों पर भी लगा लंबा जाम, अभिभावक रहे परेशान।
  4. पुलिस की सफाई: डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार ने कहा कि अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे, जाम वाले प्वाइंट्स को चिह्नित किया जा रहा है।
आगरा में एमजी रोड पर लगे भीषण जाम और बारिश से चरमराई यातायात व्यवस्था की रपट

एमजी रोड से लेकर हाईवे तक रेंगते रहे वाहन

सोमवार तड़के से शुरू हुई बारिश ने शहर के बुनियादी ढांचे की पोल खोलकर रख दी। हाईवे और एमजी रोड पर जगह-जगह पानी भर जाने से गाड़ियों की रफ्तार काफी धीमी हो गई। दोपहर करीब 12 बजे स्कूलों की छुट्टी का समय होते ही सड़कों पर अचानक वाहनों का दबाव बढ़ गया। रावली पुल से साईं की तकिया तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। धाकरान चौराहे से गुजरना चालकों के लिए दुष्कर साबित हुआ, वहीं सेंट जॉन्स चौराहे से हरीपर्वत तक गाड़ियां बंपर से बंपर सटकर चलती रहीं।

मेट्रो निर्माण के चलते लगाई गई बैरिकेडिंग और बची हुई सड़कों के किनारे जलभराव होने से स्पीड कलर लैब, सूरसदन, अंजना टॉकीज और भगवान टॉकीज चौराहे की ओर जाना किसी चुनौती से कम नहीं था। भगवान टॉकीज चौराहा चारों ओर से सर्विस रोड से आने वाले वाहनों के कारण पूरी तरह ब्लॉक हो गया। न्यू आगरा से दयालबाग रोड पर भी वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। चौराहे पर मुस्तैद यातायात पुलिसकर्मियों के तमाम प्रयास भी भारी ट्रैफिक के आगे बेअसर साबित हुए।

शॉर्टकट भी पड़े भारी, वैकल्पिक रास्तों पर भी लगा मजमा

मुख्य मार्गों पर फंसे लोगों ने जब चर्च रोड, सूर्य नगर कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों से शॉर्टकट लेने का प्रयास किया, तो वहां की तंग गलियों में भी वाहन फंस गए। शाम छह बजे के बाद ही कुछ राहत मिल सकी। इसके अलावा शीतला माता मेले के कारण खंदारी चौराहे पर दिन भर भारी दबाव बना रहा। भगवान टॉकीज से अबुल उलाह दरगाह, सुल्तानगंज की पुलिया और लंगड़े की चौकी के पास सर्विस रोड मेट्रो कार्य के कारण संकुचित हो चुकी है, जहां जलभराव ने स्थिति को और भयावह बना दिया।

यमुना रोड पर जाम से बचने के लिए चालकों ने जीवनी मंडी, गधा पाड़ा, फ्रीगंज, घटिया और बेलनगंज के आंतरिक मार्गों से निकलने की कोशिश की, जिससे घटिया आजम खां और सेंट जॉन्स रोड पर भी गाड़ियां घंटों फंसी रहीं। मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सड़कों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। जिन स्थानों पर अधिक जाम लग रहा है, उन्हें चिह्नित किया जा रहा है ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति से निपटा जा सके।

यह भी पढ़ें

इतिहास का वो अद्भुत स्वाद: कैसे चाट, गोल गप्पे बने भारत की सबसे लोकतांत्रिक डिश | बृज खंडेलवाल पासपोर्ट है, नागरिकता नहीं! भारतीय पहचान का नया गणित | वरिष्ठ पत्रकार बृज खंडेलवाल का प्रहार काफी हुआ है, बहुत बाकी है! चमकते एक्सप्रेसवे, जर्जर इंसाफ़: क्या सिर्फ़ सड़कें विकसित होने से देश विकसित होता है? | बृज खंडेलवाल सुप्रीम कोर्ट ने पैदल चलने को मौलिक अधिकार बनाया, अब परीक्षा आगरा की है | बृज खंडेलवाल का विशेष विश्लेषण “जनता मालिक, प्रतिनिधि सेवक: लोकतंत्र में वास्तविक VIP कौन?” | डॉ प्रमोद कुमार का विशेष विश्लेषण
Thakur Pawan Singh Editor in Chief Taj News

Thakur Pawan Singh

Chief Editor, Taj News


खबर शेयर कीजिए

Leave a Comment