Agra Desk, 🌐 tajnews.in | Thursday, 2 July 2026, 09:15:20 PM IST

आगरा: राम मंदिर में कथित चंदा चोरी के मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद अरुण सिंह ने आगरा में विपक्ष पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के जो लोग आज राम मंदिर को लेकर तरह-तरह के सवाल उठा रहे हैं, ये वही लोग हैं जिन्होंने कभी रामभक्त कारसेवकों पर अंधाधुंध गोलियां चलवाई थीं और भगवान राम के अस्तित्व को ही काल्पनिक बताया था। ऐसे लोग अब केवल अपने राजनैतिक फायदे के लिए इस संवेदनशील मुद्दे को हवा देने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं। राष्ट्रीय महामंत्री गुरुवार को जयपुर हाउस स्थित महाजन भवन में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती स्मरण पखवाड़ा के अंतर्गत भाजपा जिला इकाई द्वारा आयोजित एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत पौनिया ने की।
कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद आयोजित एक विशेष प्रेसवार्ता में अरुण सिंह ने राम मंदिर में कथित चंदा चोरी के आरोपों पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों के बाद इस पूरे मामले की एसआईजी (SIG) जांच चल रही है। जांच में जो कोई भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत बेहद सख्त और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि भगवान राम देश के करोड़ों नागरिकों की अटूट आस्था के केंद्र हैं। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हिंदू समाज और कारसेवकों के एक बहुत लंबे संघर्ष व बलिदान का परिणाम है, इसलिए ऐसे पवित्र विषयों पर घटिया राजनीति करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
सम्मेलन के मंच से कार्यकर्ताओं को जोश दिलाते हुए राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का पूरा जीवन राष्ट्रभक्ति, मजबूत संगठन और अखंड भारत के संकल्प का एक अनुपम प्रतीक है। उन्होंने देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए कश्मीर की धरती पर अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। आज प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता का यह मुख्य दायित्व है कि वह उनके राष्ट्रवादी विचारों और सिद्धांतों को समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाए। उन्होंने पूर्व की नेहरू सरकार पर भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जम्मू-कश्मीर में बेहद संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हुई थी, लेकिन तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने उनकी मौत की निष्पक्ष जांच कराना तक जरूरी नहीं समझा। आज केंद्र की मोदी सरकार उन्हीं के राष्ट्रवादी सपनों को धरातल पर साकार कर रही है।
सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत पौनिया ने अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि इस जयंती स्मरण पखवाड़ा के माध्यम से जिले के प्रत्येक मंडल और बूथ स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर डॉ. मुखर्जी के विचारों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने और केंद्र व प्रदेश सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की। इसके साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदोरिया ने संगठन की आगामी कार्ययोजना, बूथ सशक्तिकरण और सदस्य संपर्क अभियान को लेकर विस्तार से अपनी बात रखी। इस दौरान मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष एवं अभियान संयोजक देवेंद्र वर्मा द्वारा किया गया।
इस महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इनमें पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह, विधायक रानी पक्षालिका सिंह, विधायक छोटेलाल वर्मा, भगवान सिंह कुशवाहा, कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष प्रदीप भाटी, पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा, अभियान सह संयोजक नीरज परमार, अंबुज द्विवेदी, सत्येंद्र बरुआ, जिला महामंत्री सत्यदेव दुबे, सत्य प्रकाश लोधी, सहदेव शर्मा, हरिओम रावत, उमाशंकर माहौर, राजकुमार कुशवाहा, मानवेंद्र राठौर, संतोष सिकरवार, तपेश जैन, हीरा सिंह, आशा देवी चक, बबीता चौहान, महेंद्र वर्मा, सत्येंद्र त्यागी, वीरपाल माहुра, गौरव सोलंकी, अर्जुन उदैनिया, लोकेंद्र लवानिया, अशोक लवानिया, ओमप्रकाश चलनी वाले, उत्तम सिंह काका, मोहित सोलंकी, भूप सिंह इंदौलिया, सरोज चाहर, ज्योति जादौन, मुकेश चाहर, मनीष थापक, पंकज कटारा, नरेश शर्मा, पदम सिंह और मोहन सिंह चाहर सहित भारी संख्या में मंडल अध्यक्ष और मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
हालाँकि, इस गरिमापूर्ण राजनैतिक सम्मेलन के समापन के ठीक बाद कलेक्ट्रेट और महाजन भवन परिसर में एक अजीब नजारा देखने को मिला। जैसे ही मुख्य अतिथियों के भाषण समाप्त हुए और कार्यकर्ताओं के लिए लाए गए नाश्ते के पैकेटों का वितरण शुरू हुआ, वहाँ भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पैकेट लूटने और पहले पाने की होड़ में कार्यकर्ताओं के बीच जमकर लात-घूंसे और धक्का-मुक्की की स्थिति पैदा हो गई। इस मारामारी के दौरान कई स्थानीय कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और बहसबाजी भी देखने को मिली। हालांकि, वरिष्ठ पदाधिकारियों के बीच-बचाव करने के बाद स्थिति को किसी तरह संभाला गया और मामला शांत हुआ।
यह भी पढ़ें
ArunSinghBJP, RamMandirChandaVivad, BJPWorkerConferenceAgra, PrashantPauniyaBJP, ShyamaPrasadMukherjeeJayanti, ManjuBhadoriaAgra, JaipurHouseMahajanBhavan, AgraBjpNews, AlolkKulshreshthaReporter, TajNews

Thakur Pawan Singh
Chief Editor, Taj News
7579990777




