Agra Desk, 🌐 tajnews.in | Saturday, 25 July, 2026, 10:18:33 AM IST

tajnews.in | आगरा: स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किए जा रहे आगरा में कई क्षेत्रों की सड़कों की बदहाल स्थिति लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। आवास विकास कॉलोनी और पश्चिमपुरी क्षेत्र में पहली ही बारिश के बाद सड़कें जगह-जगह उखड़ गई हैं। गहरे गड्ढों के कारण पैदल राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
आवास विकास कॉलोनी में करकुंज चौराहे से रामलाल आश्रम जाने वाला मार्ग लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। करकुंज चौराहे पर बने बड़े-बड़े गड्ढों से लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ गई है।
इस मार्ग पर रामलाल आश्रम, देशदीपक इंटर कॉलेज और एक अस्पताल होने के कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अन्य लोग आवागमन करते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, विशेष रूप से बैटरी चालित स्कूटर और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भाजपा पार्षद सुषमा जैन ने बताया कि सड़क निर्माण का प्रस्ताव मेयर हेमलता दिवाकर को भेजा जा चुका है। उनका आरोप है कि नगर निगम के निर्माण विभाग ने अब तक न तो गड्ढों की मरम्मत कराई है और न ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू किया है। उन्होंने कहा कि 15वें वित्त आयोग की धनराशि से शहर के अन्य हिस्सों में सड़क निर्माण कराया जा रहा है, जबकि आवास विकास कॉलोनी की सड़कों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री और नगर विकास मंत्री से करने की भी बात कही।
उधर, पश्चिमपुरी क्षेत्र में सिकंदरा रोड से शास्त्रीपुरम जोनल पार्क तक जाने वाली 80 फीट चौड़ी सड़क भी जर्जर स्थिति में है। क्षेत्र में सीवर और पेयजल लाइन बिछाने के बाद मई माह में पैचवर्क कराया गया था, लेकिन पहली ही बारिश में सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया। करीब दो किलोमीटर लंबे मार्ग पर 12 से 18 इंच तक गहरे गड्ढे बन गए हैं।
स्थानीय निवासी महेंद्र सिंह ने बताया कि इस मार्ग से सेंट फ्रांसिस, गायत्री पब्लिक स्कूल, लाइफ लाइन इंटर कॉलेज, चिल्ड्रन प्रोग्रेसिव स्कूल और दिल्ली पब्लिक स्कूल के हजारों छात्र प्रतिदिन गुजरते हैं। स्कूल बसों और अन्य वाहनों की आवाजाही के बीच गहरे गड्ढों के कारण दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है। उन्होंने जल निगम से सड़क की मरम्मत और गड्ढों को जल्द भरवाने की मांग की है।
यह भी पढ़ें

Thakur Pawan Singh
Chief Editor, Taj News
7579990777




