लखनऊ डेस्क, Taj News | Published by: ठाकुर पवन सिंह | Updated: Sunday, 11 Jan 2026 10:45 AM IST
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आगरा की एक महिला पार्लर संचालिका ने न्याय न मिलने से हताश होकर मुख्यमंत्री आवास के बाहर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को हिरासत में ले लिया। महिला का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह आगरा के ट्रांसयमुना थाने के तत्कालीन थाना प्रभारी और चार दरोगाओं पर मारपीट और छेड़छाड़ जैसे गंभीर आरोप लगा रही है।

क्या है पूरा विवाद?
पीड़ित महिला आगरा के ट्रांसयमुना थाना क्षेत्र में पार्लर और बुटीक संचालित करती है। महिला के अनुसार, 15 सितंबर 2024 को उसके घर में लाखों की चोरी हुई थी। आरोप है कि पुलिस ने उसे बिना सूचना दिए मामले में एफआर (Final Report) लगाकर केस बंद कर दिया। जब वह 21 अगस्त 2025 को इस बारे में पूछने थाने पहुंची, तो वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसके साथ अभद्रता की। महिला का आरोप है कि तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक रोहित गुर्जर और विवेचक राजकुमार गोस्वामी ने उसे कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा और उसके साथ छेड़छाड़ की। बाद में पुलिस ने उल्टा महिला पर ही महिला दरोगा से मारपीट का आरोप लगाकर उसे शांतिभंग में जेल भेज दिया था।
जांच दर जांच, पर कार्रवाई शून्य
इस मामले में पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने पुनः विवेचना के आदेश दिए थे। मामले की जांच पहले एडीसीपी पूनम सिरोही को सौंपी गई, जिन्होंने अपनी रिपोर्ट में किसी भी पुलिसकर्मी को दोषी नहीं माना। इसके बाद शिकायत पर दोबारा जांच एडीसीपी क्राइम हिमांशु गौरव को दी गई, जो पिछले चार महीनों से लंबित है। महिला के परिजनों का कहना है कि आगरा पुलिस की इस टालमटोल नीति और पक्षपातपूर्ण जांच के कारण महिला गहरे अवसाद (Depression) में चली गई है, जिसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
वीडियो में पूछे तीखे सवाल
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पुलिस की गाड़ी में बैठी महिला बिलखते हुए सवाल पूछ रही है। उसका कहना है कि “वीडियो बनाना क्या इतना बड़ा गुनाह था कि पुरुष दरोगाओं ने मुझे कमरे में बंद कर पीटा? मेरे घर हुई चोरी का खुलासा अब तक क्यों नहीं हुआ? मुझे पीटने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई कब होगी?” लखनऊ में हुई इस घटना के बाद आगरा पुलिस की कार्यशैली अब पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बनी हुई है।
📧 pawansingh@tajnews.in
📱 अपनी खबर सीधे WhatsApp पर भेजें: 7579990777
👉 TajNews WhatsApp Channel
👉 Join WhatsApp Group
🐦 Follow on X
🌐 tajnews.in
#AgraPolice #Lucknow #JusticeForWoman #UPPolice #SelfImmolationAttempt #CMResidence #TajNews #BreakingNews









