Agra Desk, 🌐 tajnews.in | Updated: Wednesday, 27 May 2026, 08:45:10 AM IST

Agra Bakrid Eidgah Namaz Schedule Markets: ताजनगरी में बकरीद (ईद-उल-अजहा) के त्योहार को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मंगलवार को शहर के प्रमुख बकरा बाजारों जैसे हींग की मंडी, नाई की मंडी और सदर भट्टी में खरीदारों की भीड़ उमड़ी। बाजारों में देर रात तक चहल-पहल बनी रही, जहां विभिन्न नस्लों के बकरों की खरीद-फरोख्त हुई। हींग की मंडी में सिगोही नस्ल का एक बकरा डेढ़ लाख रुपये में बिका, जो आकर्षण का केंद्र रहा। त्योहार के मद्देनजरस्जिदों और ईदगाह प्रबंधन द्वारा ईद की नमाज़ का समय भी निर्धारित कर दिया गया है। आगरा ईदगाह में नमाज़ सुबह 6:45 बजे अदा की जाएगी, जबकि जामा मस्जिद में सुबह 7:15 बजे नमाज़ का समय तय हुआ है। उलेमाओं ने नागरिकों से त्योहार को सादगी और भाईचारे के साथ मनाने तथा स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।
बकरा मंडियों में बढ़ी रौनक, विभिन्न राज्यों से पहुंचे पशु व्यापारी
त्योहार के मद्देनजर आगरा के पारंपरिक बाजारों में व्यापारिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। राजस्थान और हरियाणा जैसे पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में पशु व्यापारी अपने पशुओं को लेकर ताजनगरी पहुंचे हैं। नाई की मंडी और सदर भट्टी क्षेत्रों में बकरों की शुरुआती कीमत से लेकर दो लाख रुपये तक के सौदे हुए। हींग की मंडी में मंटोला निवासी एक खरीदार ने सिगोही नस्ल के बकरे को डेढ़ लाख रुपये की बोली लगाकर खरीदा। पशु व्यापारियों के अनुसार, बाजार में इस बार विभिन्न प्रकार की नस्लों की मांग बनी हुई है।
हिंदुस्तानी बिरादरी के पदाधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बाजार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि कुर्बानी का यह सिलसिला तीन दिनों तक चलता है, जिसे देखते हुए बाजारों में बुधवार शाम तक रौनक रहने की उम्मीद है। मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में त्योहार से जुड़े अन्य सामानों की दुकानों पर भी देर रात तक खरीदारों की उपस्थिति देखी जा रही है। घरों में पकवान बनाने की तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं।
मस्जिदों में नमाज़ के प्रबंध पूरे, जामा मस्जिद में इस बार नहीं लगेगा शामियाना
नायब काजी मौलाना मोहम्मद उजैर आलम ने बताया कि ईद-उल-अजहा का यह पर्व त्याग और समर्पण का प्रतीक है। भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए अधिकांश स्थानों पर सुबह जल्दी नमाज़ कराने की व्यवस्था की गई है ताकि नमाज़ियों को असुविधा न हो। शाही जामा मस्जिद इंतजामिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद जाहिद कुरैशी ने जानकारी दी कि इस बार भीषण गर्मी के कारण जामा मस्जिद परिसर में शामियाना नहीं लगाया गया है, इसलिए नमाज़ सुबह 7:15 बजे ही संपन्न करा दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त, शहर की अन्य मस्जिदों जैसे सुल्तान परवेज मस्जिद में सुबह 7:00 बजे, मस्जिद मीतवद खां में 7:45 बजे, बावरी मस्जिद में 7:45 बजे और शाही मस्जिद कलां (साबुन कटरा) में सुबह 7:40 बजे नमाज़ होगी। धार्मिक गुरुओं ने समुदाय के लोगों से अपील की है कि वे कुर्बानी के बाद स्वच्छता मानकों का पूर्णतया पालन करें। अवशेषों को कचरा पात्रों में ही डालें और सड़कों व नालियों में गंदगी न बहाएं, ताकि शहर की सफाई व्यवस्था सुचारू बनी रहे और किसी को परेशानी न हो।
यह भी पढ़ें

Thakur Pawan Singh
Chief Editor, [tajnews.in](https://tajnews.in)
7579990777



