गंगा दशहरा पर आस्था का सैलाब, यमुना और चंबल घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

खबर शेयर कीजिए

Agra Desk, 🌐 tajnews.in | Updated: Monday, 25 May 2026, 03:02:48 PM IST

Taj News Logo
Taj News
Agra Desk

आगरा: गंगा दशहरा के पावन अवसर पर सोमवार सुबह से ही आगरा जनपद के यमुना और चंबल नदी घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बटेश्वर धाम से लेकर आगरा शहर और पिनाहट क्षेत्र तक नदी घाटों पर श्रद्धालुओं ने स्नान कर पूजा-अर्चना की और दान-पुण्य कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। घाटों पर सुबह से ही धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल दिखाई दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार सहित घाटों पर पहुंचे और पवित्र नदियों में आस्था की डुबकी लगाई। कई स्थानों पर मेले जैसे दृश्य दिखाई दिए, जहां फल, प्रसाद और पूजन सामग्री की दुकानें सजी रहीं।

सबसे अधिक भीड़ बटेश्वर धाम स्थित यमुना घाटों पर देखने को मिली। दूर-दराज जिलों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने यमुना में स्नान करने के बाद ब्रह्मलाल मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। मंदिरों में घंटों तक पूजा-अर्चना का सिलसिला चलता रहा। घाटों पर हर-हर महादेव और जय मां गंगे के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

HIGHLIGHTS
  1. गंगा दशहरा पर यमुना और चंबल घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।
  2. बटेश्वर धाम में स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे हजारों श्रद्धालु।
  3. सुरक्षा व्यवस्था के बीच यमुना में एक युवक डूबा, तलाश जारी।
  4. घाटों पर स्नान, दान-पुण्य और पूजा के चलते मेले जैसा माहौल।

बटेश्वर घाटों पर किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया। घाटों पर पुलिसकर्मियों के साथ गोताखोरों की भी तैनाती की गई थी। श्रद्धालुओं को लगातार गहरे पानी में न जाने की चेतावनी दी जा रही थी। इसके बावजूद स्नान के दौरान एक युवक अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और गोताखोरों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक की तलाश लगातार जारी है। गोताखोरों की कई टीमें नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे नदी में स्नान करते समय सावधानी बरतें और निर्धारित सीमा से आगे न जाएं।

बटेश्वर के अलावा पिनाहट ब्लॉक क्षेत्र में चंबल नदी के घाटों पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से ही घाटों पर पूजा-अर्चना और स्नान का सिलसिला चलता रहा। चंबल नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस बल तैनात रहा और लोगों को गहरे पानी से दूर रहने की हिदायत दी जाती रही।

आगरा शहर के विभिन्न यमुना घाटों पर भी गंगा दशहरा का उल्लास दिखाई दिया। हाथीघाट, यमुना आरती स्थल, पोइया घाट, बल्केश्वर घाट, दशहरा घाट, रेणुका धाम, रुनकता और गैलाना स्थित वनखंडी महादेव मंदिर के पास बने घाटों पर श्रद्धालुओं ने यमुना में स्नान कर पुण्य अर्जित किया। फतेहाबाद और सदर तहसील क्षेत्रों में जहां-जहां से यमुना नदी गुजरती है, वहां स्थानीय लोग अपने नजदीकी घाटों पर पहुंचकर स्नान-दान करते दिखाई दिए।

गंगा दशहरा के अवसर पर घाटों पर दान-पुण्य का सिलसिला भी चलता रहा। श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद गरीबों और जरूरतमंदों को भोजन, वस्त्र और फल वितरित किए। घाटों के आसपास तरबूज, खरबूजे और प्रसाद की दुकानों पर दिनभर भीड़ लगी रही। बच्चों और महिलाओं में भी धार्मिक उत्साह देखने को मिला।

धार्मिक मान्यता है कि गंगा दशहरा के दिन पवित्र नदियों में स्नान करने और दान-पुण्य करने से पापों का नाश होता है और सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। इसी आस्था के चलते सुबह से ही श्रद्धालु घाटों पर पहुंचने लगे थे। कई श्रद्धालुओं ने परिवार सहित पूजा-अर्चना कर समाज और देश की खुशहाली की कामना भी की।

Thakur Pawan Singh Editor in Chief Taj News

Thakur Pawan Singh

Editor in Chief, Taj News


खबर शेयर कीजिए

Leave a Comment