Agra Desk, 🌐 tajnews.in | Monday, 06 July, 2026, 11:34:25 PM IST.

tajnews.in | आगरा: भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरन लाल लोधी ने सांगठनिक दायित्व संभालने के बाद पहली बार आगरा आगमन पर विपक्ष के खिलाफ तीखे तेवर दिखाए हैं। महानगर के जयपुर हाउस और बल्केश्वर समेत ब्रज क्षेत्र कार्यालय पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में नए क्षेत्रीय अध्यक्ष का अभूतपूर्व स्वागत किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं की परिचात्मक बैठक को संबोधित करते हुए पूरन लाल लोधी ने संगठन को मजबूत करने का मूल मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर के छोटे से छोटे कार्यकर्ता को मुख्यधारा में लाने से ही संगठन को असली मजबूती मिलेगी और हर बूथ को सक्रिय बनाना पार्टी का मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने पूरे भरोसे के साथ दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश के भीतर लगातार तीसरी बार भाजपा की मजबूत इरादों वाली डबल-इंजन सरकार प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।
पूरन लाल लोधी के देर रात्रि आगरा पहुंचने के बाद सोमवार सुबह से ही कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हो गया। सबसे पहले ब्रज क्षेत्र कार्यालय पर एक भव्य हवन-पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए इस अनुष्ठान के बाद भजनों और महाआरती के जरिए देवी-देवताओं का स्मरण कर सभी के मंगल की कामना की गई। इस दौरान भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय शाक्य (पूर्व ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष), प्रदेश मंत्री विजय शिवहरे, आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जिला अध्यक्ष प्रशांत कुमार, वीरेंद्र अग्रवाल, राकेश मिश्रा, टी एन अग्रवाल, नवल तिवारी, अवदेश रावत, महेश शर्मा, रोहित कत्याल और दीपू जादोन आदि प्रमुख नेताओं ने आहुति देकर संगठन की विजय का संकल्प लिया। हवन के बाद सभी वरिष्ठ नेताओं ने महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया।
कार्यक्रम के अगले चरण में जनसंघ के संस्थापक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जन्मदिवस के अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण किया गया और इसके बाद आम जनता के लिए भंडारा वितरित किया गया। इस विशेष दिन को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत जयपुर हाउस स्थित श्री राम पार्क में वृक्षारोपण किया गया। क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता और जिला अध्यक्ष प्रशांत पोनिया के नेतृत्व में सभी पदाधिकारियों ने पौधे रोपे। इस अभियान में महामंत्री यादराम लोधी, महामंत्री महेश शर्मा, महामंत्री हेमंत भोजवानी, महामंत्री नीतेश शिवहरे, दीपू जादोन, अनिल सारस्वत, रोहित कत्याल, विक्रांत तिवारी, अम्बुज उपाध्याय, डॉ निधि शर्मा, अनीता खरे, माधुरी माहोर, नेहा गुप्ता और अंजू गर्ग आदि ने पौधे लगाकर पर्यावरण बचाने में अपनी सहभागिता दी।
इसके बाद सांगठनिक बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी ने एक-एक कार्यकर्ता से व्यक्तिगत परिचय लिया और उनके सुझाव सुने। कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन के लिहाज से आगरा बहुत बड़ा केंद्र बनने जा रहा है, जबकि ब्रज का मथुरा और वृंदावन पूरी दुनिया को आकर्षित कर रहा है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की अपील की। शाम को करीब 8:45 बजे वे बल्केश्वर पहुंचे, जहां अग्रवाल महासभा के पदाधिकारियों के साथ मिलकर महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर राज्यसभा सांसद नवीन जैन, भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, टी एन अग्रवाल, नीतेश अग्रवाल, मुरारी लाल गोयल, गिर्राज बंसल और मनीष अग्रवाल आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें

Thakur Pawan Singh
Chief Editor, Taj News
7579990777




