जनकपुरी महोत्सव 2026: “आजु सखि मंगल गावहु…” सीताजी की मेहंदी में रंगी एंथम, मंगल गीतों पर थिरके जनकपुरीवासी

खबर शेयर कीजिए

जनकपुरी महोत्सव में मेहंदी संगीत समारोह का उल्लास, धानी रंगत में सजी मिथिला, बग्गी पर पहुंचीं माता जानकी तो झूम उठीं सखियां

आगरा डेस्क | 🌐 tajnews.in | 5 अक्टूबर 2026 | 22:18 बजे

आगरा डेस्क

आगरा। “आजु सखि मंगल गावहु…” की भावधारा सोमवार को आवास विकास कॉलोनी स्थित एंथम में साकार हो उठी। जनकपुरी महोत्सव के अंतर्गत आयोजित माता जानकी के मेहंदी संगीत समारोह में पूरा एंथम परिसर मिथिला की रंगत में रंग गया। धानी रंगत में सजी सजावट, फूलों और केले के फूलबंगले, मंगल गीतों की गूंज और सखियों के थिरकते कदमों ने वातावरण को विवाहोत्सव के उल्लास से भर दिया।

माता जानकी का स्वरूप जब बग्गी में सवार होकर आयोजन स्थल पर पहुंचा तो मिथिलावासियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। सखियों और महिलाओं ने मंगल गीत गाकर माता जानकी का स्वागत किया। संगीत की धुन शुरू होते ही नृत्य का ऐसा सिलसिला चला कि उत्साहित सखियों के कदम थमने का नाम ही नहीं ले रहे थे।

जनकपुरी महोत्सव 2026 में माता जानकी की मेहंदी संगीत समारोह

जनकपुरी महोत्सव के मेहंदी संगीत समारोह में बग्गी पर सवार माता जानकी का स्वागत करती हुईं सखियां और मिथिलावासी।

HIGHLIGHTS
  • एंथम में माता जानकी का मेहंदी संगीत समारोह मिथिला की पारंपरिक रंगत और मंगल गीतों के बीच आयोजित हुआ।
  • बग्गी पर पहुंचीं माता जानकी के स्वरूप का सखियों और महिलाओं ने मंगल गीतों के साथ स्वागत किया।
  • जनक परिवार ने माता जानकी और सखियों के स्वरूपों के हाथों में मेहंदी लगाकर विवाहोत्सव की रस्म निभाई।
  • भजन गायिका तृप्ति शाक्या की प्रस्तुति पर देर रात तक मिथिलावासी और सखियां झूमती रहीं।
  • 6 अक्टूबर को माता जानकी का डोला गौरा पूजन और नगर दर्शन के लिए निकलेगा।

जानकी की हथेलियों पर सजी मेहंदी, जनक परिवार ने निभाई रस्म

समारोह में राजा जनक के स्वरूप अशोक कुमार गोयल और रानी सुनैना के साथ जनक परिवार ने माता जानकी सहित सखियों के स्वरूपों के हाथों में मेहंदी लगाकर विवाहोत्सव की रस्म को भावपूर्ण ढंग से निभाया। मेहंदी की लाली के साथ मंगल गीतों ने वातावरण में स्नेह और उत्सव के रंग भर दिए।

शोभिक गोयल, मोहित गोयल, स्मृति गोयल, रिनी गोयल, कमल नयन, सुनीता मित्तल, अनुप्रिया गोयल, मंजू बंसल, रामू गोयल, नरेश मगाल, शुभम अग्रवाल, शैंकी बंसल, शिल्पी बंसल, शिप्रा जैन, निक्की अग्रवाल, मंगू बंसल और आयुषी बंसल ने स्वरूपों के हाथों में मेहंदी लगाई।

फूलों और केले के फूलबंगले से सजे आयोजन स्थल पर मेहंदी की रस्म ने ऐसा दृश्य प्रस्तुत किया, मानो जनकपुर की सखियां स्वयं माता जानकी के विवाह की तैयारियों में जुटी हों।

समारोह में विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक बड़े दिनेश जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अजय गर्ग अवागढ़ ने स्वरूपों की आरती उतारी।

“राम नाम की मेहंदी लगाकर घूंघट में शरमाऊंगी…” पर देर रात तक झूमे मिथिलावासी

मेहंदी संगीत समारोह में भजन गायिका तृप्ति शाक्या की विशेष प्रस्तुति ने माहौल को भक्ति और उल्लास से सराबोर कर दिया। तृप्ति शाक्या ने जैसे ही “राम नाम की मेहंदी लगाकर घूंघट में शरमाऊंगी” सहित भजनों की प्रस्तुति शुरू की, पूरा परिसर तालियों और जयकारों से गूंज उठा। माता जानकी की मेहंदी के भाव में डूबे मिथिलावासी और सखियां भजनों की धुन पर देर रात तक झूमते रहे।

भक्ति, संगीत और विवाहोत्सव के उल्लास का ऐसा संगम बना कि एंथम परिसर देर रात तक जनकपुर की मंगलध्वनियों से गूंजता रहा। कार्यक्रम का संचालन दीपक जैन ने किया।

Taj News YouTube पर देखें पूरी खबर

जनकपुरी महोत्सव 2026 के मेहंदी संगीत समारोह की वीडियो रिपोर्ट — Taj News

6 अक्टूबर को निकलेगा माता जानकी का भव्य डोला

जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव ने सभी मिथिलावासियों को माता जानकी के डोले में शामिल होने का निमंत्रण दिया। आयोजन की घोषित रूपरेखा के अनुसार मंगलवार, 6 अक्टूबर को गणपति किंग्स काउंटी से माता जानकी का डोला गौरा पूजन और नगर दर्शन के लिए निकलेगा। डोले में महिलाओं की विशेष भागीदारी रहेगी और आयोजन को मिथिला की पारंपरिक छटा देने की तैयारी की गई है।

माता जानकी के डोले के दौरान गौरा पूजन भी होगा। ओंकारेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं को माता जानकी के स्वरूप के दर्शन का अवसर मिलेगा। जनकपुरी महोत्सव के आगामी कार्यक्रमों को लेकर शहर में उत्साह लगातार बढ़ रहा है।

महिलाओं में रहा विशेष उत्साह

मेहंदी संगीत समारोह में महिलाओं की विशेष भागीदारी रही। रेखा यादव, अनीता यादव, अमृता पोरवाल, साधना गुप्ता, प्रीति शिवारे, आरती शर्मा, शीतल अग्रवाल, एकता बंसल, शुचि खंडेलवाल, अलका गोयल, खुशबू गोयल, रुचि बंसल, शिल्पी मित्तल, शालिनी जैन, अनीशा शर्मा, मिशी यादव, रितु दुबे, सोनाली गोयल, शिवानी जैन, सीमा सिंह, प्रीती शर्मा, निधि मंगल, आकांक्षी शर्मा, रितु, सिम्मी, संगीता, चारु, चित्रा, रश्मि, ज्योति और अनुराधा आदि उपस्थित रहीं।

समारोह में संतोष कटारा, अशोक कुमार गुप्ता, संजय गोयल, मनोज बंसल, अजय गर्ग अवागढ़, धर्मेश जैन, मनोज जादौन, हितेश लवानिया, राणा सुशील सिंह, आकाश वाला, अंकुश मित्तल, पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी, नरेंद्र सिंह सेंगर, सतीश ठाकुर, अरविंद शर्मा, नरेंद्र गुप्ता, प्रशांत जैन और अरुण तिवारी आदि मौजूद रहे।

Sonu Kashyap
Sonu Kashyap
Reported by: Sonu Kashyap | Taj News
Javed Khan
Javed Khan
Reported by: Javed Khan | Taj News
Pawan Singh
Pawan Singh
Editor in chief, Taj News Network
pawansingh@tajnews.in | WhatsApp: 7579990777

खबर शेयर कीजिए

Leave a Comment