राजनैतिक व्यंग्य: एक बार फिर ‘पॉपा’ वॉर रुकवा देंगे! संघ प्रमुख और मोदी जी की कूटनीति पर राजेंद्र शर्मा का तंज

आर्टिकल Desk, Taj News | Tuesday, April 07, 2026, 04:35:00 PM IST

Taj News Logo
Taj News
Article Desk
Rajendra Sharma Writer
राजेंद्र शर्मा
संपादक, ‘लोक लहर’
वरिष्ठ पत्रकार एवं व्यंग्यकार
वरिष्ठ पत्रकार और जाने-माने व्यंग्यकार राजेंद्र शर्मा ने अपने इस बेहद मारक राजनैतिक व्यंग्य में ‘विश्व गुरु’ की कूटनीति पर तीखा प्रहार किया है। दरअसल, उन्होंने आरएसएस (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के उस बयान की चुटकी ली है, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से ईरान और अमेरिका-इस्राइल का युद्ध रुकवाने की बड़ी अपेक्षा जताई थी। इसके अलावा, इस आलेख में यूक्रेन युद्ध के दौरान वायरल हुए ‘पॉपा वॉर रुकवा देंगे’ वाले जुमले और पाकिस्तान की नई कूटनीतिक चालों पर भी बहुत सटीक तंज कसा गया है। इसलिए, बिना किसी देरी के पढ़िए यह शानदार और विचारोत्तेजक व्यंग्य:

मुख्य बिंदु

  • आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने प्रधानमंत्री मोदी से ईरान और अमेरिका-इस्राइल के बीच चल रहा भयंकर युद्ध रुकवाने की सार्वजनिक अपेक्षा जताई है।
  • हालांकि, उन्होंने युद्ध रुकवाने के लिए कोई ‘टाइमलाइन’ नहीं दी है, जिससे मोदी जी अपनी सहूलियत के हिसाब से कभी भी यह युद्ध रुकवा सकें।
  • दरअसल, यूक्रेन युद्ध के समय भी ‘पॉपा वॉर रुकवा देंगे’ का नारा खूब वायरल हुआ था, और अब उसी इतिहास को दोबारा दोहराने की तैयारी चल रही है।
  • लेकिन, अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता करने के लिए अचानक पाकिस्तान के आगे आने से विश्व गुरु के दावों पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है।

राजनैतिक व्यंग्य: एक बार फिर पॉपा वॉर रुकवा देंगे! : राजेंद्र शर्मा

भागवत जी ने एकदम सही कहा — भारत ही यह युद्ध रुकवा सकता है। यह युद्ध यानी ईरान और अमरीका-इस्राइल के बीच का युद्घ। वैसे भागवत जी ने भी विनम्रता से काम लिया और बाकी सारी दुनिया पर मोदी से युद्ध रुकवाने की मांग करने की जिम्मेदारी डाल दी। बोल दिया कि सारी दुनिया ऐसा कह रही है। वैसे भागवत जी का बड़प्पन है कि उन्होंने दुनिया के कहने को इतना महत्व दिया। वर्ना वह तो सीधे भी मोदी जी को युद्ध रुकवाने के लिए कह सकते थे, उनसे युद्ध रुकवाने की मांग कर सकते थे। मांग कर सकते थे, माने मोदी जी को परामर्श दे सकते थे। और परामर्श भी मोदी जी के घर जाकर, भोजन के उपरांत दे सकते थे, एकांत में। या मोदी जी को अपने घर नागपुर बुलाकर भी परामर्श दे सकते थे। पर उन्होंने सार्वजनिक रूप से यह परामर्श दिया, बल्कि अपेक्षा जताई — मोदी जी ही यह युद्ध रुकवा सकते हैं。

वैसे भागवत जी की दूरदर्शिता भी माननी पड़ेगी। मोदी से युद्ध रुकवाने के लिए कहा जरूर, पर तुरंत रुकवाने के लिए नहीं कहा। तुरंत की छोडि़ए, कोई टाइमलाइन दी ही नहीं। मोदी जी पर है, अपनी सहूलियत से कभी भी युद्ध रुकवा देें। बस युद्ध रुकवा दें। यूक्रेन-रूस युद्ध के टैम पर, भारतीय छात्रों को निकालने के लिए युद्ध रुकवाने के लिए मोदी जी पर, इन छात्रों के माता-पिता ने जिस तरह का दबाव डाला था, वैसा दबाव डालने की गलती भागवत जी ने बिल्कुल नहीं की। बेशक, मोदी जी ने तुरंत रुकवाओ, अभी रुकवाओ के ध्यान बंटाने वाले शोर के बावजूद, वॉर तब भी रुकवायी थी। बल्कि देश के विदेश मंत्रालय तक को बताए बिना वॉर रुकवायी थी, तभी बेचारा विदेश मंत्रालय तो बाद तक इससे इंकार ही करता रह गया कि मोदी जी ने वॉर रुकवायी थी। लगता है कि मोदी जी ने बस देश के रक्षा मंत्री को बताया था कि वह वॉर रुकवा रहे हैं और उन्हीं ने बाद में देश को बताया कि मोदी जी ने वॉर रुकवा दी थी। यह दूसरी बात है कि, ‘‘वॉर रुकवा दी पॉपॉ’’ वाली हीरोइन का वीडियो, उससे पहले ही सारी दुनिया को खबर दे चुका था — ‘‘मोदी जी ने वॉर रुकवा दी, पॉपॉ’’!

यह भी पढ़ें

वैसे भागवत जी का मोदी जी को वॉर रुकवाने का सार्वजनिक रूप से परामर्श देना भी एक तरह का मास्टर स्ट्रोक ही हुआ। सिर्फ मोदी जी के वॉर रुकवाने से वह संदेश शायद नहीं जाता, जो भागवत जी के कहने पर मोदी जी के वॉर रुकवाने से जाएगा। इस संदेश से आरएसएस को हिंदूवादी कम और मुस्लिम-विरोधी, ईसाई-विरोधी और कम्युनिस्ट-विरोधी ज्यादा मानने वालों के मुंह तो एकदम सिल ही जाएंगे। सिर्फ भारत का प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि आरएसएस का स्वयंसेवक, अपने सरसंघचालक के परामर्श से वॉर रुकवा रहा होगा। और वॉर भी ऐसी, जिसका हिंदुओं से कुछ लेना-देना ही नहीं है, सिवाय रसोई गैस और तेल के दाम के। मुसलमान ईरान पर, ईसाई अमरीका और यहूदी इस्राइल का हमला! अगर भगवत-मोदी का हिंदुत्व इन दोनों के खिलाफ होता, तो भागवत जी मोदी जी को वॉर रुकवाने के लिए कहते क्या? युद्घ को, जब तक चलता, चलने नहीं देेते क्या? बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुदुच्चेरी के मुसलमान क्या अब भी यह बात नहीं समझेंगे कि जो मोदी जी मुसलमानों और ईसाइयों-यहूदियों के बीच युद्ध रुकवा सकते हैं, उनके खिलाफ हिंदुत्ववादी युद्ध रुकवाने के लिए कितने जरूरी हैं。

और सौ बातों की एक बात, यूक्रेन युद्ध में यह साबित हो चुका है कि वॉर तो पॉपॉ ही रुकवाएंगे! हमारे भक्तों के पास पॉपॉ हैं — मोदी जी। सो वॉर तो मोदी जी ही रुकवाएंगे। बस एक ही डर था। कहीं अगले शांति के नोबेल के चक्कर में ट्रंपवा, ‘‘ऑपरेशन सिंदूर’’ की तरह, यह वॉर रुकवाने का भी दावा करने नहीं आ जाए। पर ये पाकिस्तान वॉर रुकवाने कहां से आ गया! ट्रंप जी आप यह ठीक नहीं कर रहे हैं। वॉर रुकवाने का काम तो पॉपॉ का है, इसका ताज किसी भी ऐरे-गैरे के सिर पर कैसे रखे दे रहे हैं।

(व्यंग्यकार वरिष्ठ पत्रकार और साप्ताहिक पत्रिका ‘लोकलहर’ के संपादक हैं।)

Pawan Singh

Pawan Singh

Chief Editor, Taj News
#WarRukwadiPapa #RajendraSharma #PoliticalSatire #TajNewsOpinion #AgraNews #ModiGovt #RSSChief #GlobalDiplomacy

Leave a Comment