क्राइम डेस्क, Taj News | Published by: ठाकुर पवन सिंह | Updated: Monday, 09 Feb 2026 02:15 PM IST
कानपुर: उत्तर प्रदेश की औद्योगिक राजधानी कानपुर में रविवार दोपहर एक हाई-प्रोफाइल सड़क हादसा हुआ। शहर के वीआईपी रोड पर मशहूर तंबाकू कारोबारी के बेटे की तेज रफ्तार लैंबोर्गिनी (Lamborghini) कार ने कोहराम मचा दिया। करोड़ों रुपये की इस सुपरकार ने एक ऑटो और बुलेट को जोरदार टक्कर मारी और फिर फुटपाथ पर चढ़ गई। इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है, जबकि आरोपी चालक को उसके बाउंसरों ने कार का शीशा तोड़कर बाहर निकाला और अस्पताल ले गए।

फिल्मी स्टाइल में हुआ हादसा और रेस्क्यू घटना आर्यनगर के रहने वाले मशहूर तंबाकू कारोबारी के.के. मिश्रा (KK Mishra) के बेटे शिवम मिश्रा से जुड़ी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रविवार दोपहर शिवम अपनी लैंबोर्गिनी कार से ग्रीन पार्क की तरफ जा रहे थे। अचानक रिंग रोड चौराहे के पास कार बेकाबू हो गई। रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि कार ने पहले सड़क किनारे खड़े एक ऑटो और बुलेट को टक्कर मारी, फिर अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ गई।
हादसे के तुरंत बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। लैंबोर्गिनी के पीछे चल रही सुरक्षाकर्मियों (बाउंसरों) की गाड़ी भी वहां रुक गई। बताया जा रहा है कि एयरबैग खुलने और दरवाजे लॉक होने की वजह से चालक अंदर फंस गया था। बाउंसरों ने ईंट से कार का शीशा तोड़ा और बेहोशी की हालत में शिवम को बाहर निकालकर निजी अस्पताल ले गए। दावा किया जा रहा है कि चालक को मिर्गी का दौरा पड़ने की वजह से यह हादसा हुआ।
घायलों में बुलेट सवार और राहगीर शामिल इस हादसे की चपेट में आकर चार लोग घायल हुए हैं। चमनगंज निवासी तौफीक अहमद, जो फुटपाथ पर अपने दोस्त का इंतजार कर रहे थे, उनके पैर में गंभीर चोट आई है। वहीं, बुलेट सवार खलासी लाइन निवासी विशाल त्रिपाठी और सोनू त्रिपाठी भी जख्मी हुए हैं। ग्वालटोली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को उर्सला अस्पताल भेजा।
पहचान छिपाने की कोशिश, थाने में ढकी गई कार हादसे के बाद लग्जरी कार को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। आरोप है कि सुरक्षाकर्मियों ने कार मालिक की पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट तोड़ने की कोशिश भी की, लेकिन स्थानीय लोगों के विरोध के कारण वे सफल नहीं हो सके। पुलिस क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त लैंबोर्गिनी को ग्वालटोली थाने ले आई। थाने में भी जब ‘सुपरकार’ को देखने के लिए मजमा लगने लगा, तो पुलिस ने उसे कवर से ढकवा दिया। डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने कहा कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
विवादों और रईसी से पुराना नाता बंशीधर श्रीराम फर्म (Banshidhar Shriram Firm) के मालिक के.के. मिश्रा और उनका परिवार अपनी अकूत दौलत और महंगी गाड़ियों के शौक के लिए शहर में मशहूर है। यह परिवार मार्च 2024 में तब सुर्खियों में आया था, जब आयकर विभाग (Income Tax) ने इनके कानपुर, दिल्ली और गुजरात स्थित ठिकानों पर बड़ी छापेमारी की थी।
उस रेड में करीब 70 से 80 करोड़ रुपये की अघोषित आय का खुलासा हुआ था। विभाग ने उनके पास से 70 करोड़ रुपये मूल्य की कई लग्जरी गाड़ियां (जिनमें रोल्स रॉयस, लैंबोर्गिनी शामिल थीं), 12.5 करोड़ रुपये की महंगी घड़ियां और करोड़ों का कैश व ज्वैलरी जब्त की थी। जांच में यह भी सामने आया था कि फर्म द्वारा टर्नओवर कम दिखाकर काले धन को सफेद किया जा रहा था।
यूपी: ‘मेक इन इंडिया के शेर को जंग लग गई’… अमेरिका से डील पर अखिलेश यादव का केंद्र पर तीखा प्रहार, 500 अरब डॉलर के बाजार पर उठाए सवाल
#Kanpur #LamborghiniAccident #ShivamMishra #KKMishra #UPPolice #TajNews #RoadSafety #LuxuryCars
📧 pawansingh@tajnews.in
📱 अपनी खबर सीधे WhatsApp पर भेजें: 7579990777
👉 TajNews WhatsApp Channel
👉 Join WhatsApp Group
🐦 Follow on X
🌐 tajnews.in














1 thought on “कानपुर: तंबाकू कारोबारी के बेटे की लैंबोर्गिनी का कहर, 4 को रौंदा; ‘रईसी’ के लिए पहले भी चर्चा में रहा परिवार”