Edited by: Thakur Pawan Singh | tajnews.in | 23 Feb 2026, 07:25 pm IST
Taj News City Desk
विशेष स्थानीय कवरेज
आगरा (Agra): ज्ञानव इंटरनेशनल स्कूल ग्राउंड, शास्त्रीपुरम में किड्जी सिकन्दरा (Kidzee Sikandra) के वार्षिकोत्सव का शानदार आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के नन्हें-मुन्ने बच्चों ने ईश्वर की भक्ति और मां भारती पर मर-मिटने के जज्बे से ओतप्रोत ऐसी रंगारंग प्रस्तुतियां दीं, जिसने वहां मौजूद हर अभिभावक और अतिथि को भावविभोर कर दिया।
- किड्जी सिकन्दरा के वार्षिकोत्सव में नौनिहालों ने दिखाई अपनी रचनात्मकता और कला।
- राक्षस रक्तबीज वध और शिव-शक्ति के प्रथम प्रेम की गाथा का हुआ मनमोहक मंचन।
- ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ की प्रस्तुति ने दर्शकों की आंखों में ला दिया पानी।
- केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल और ग्रुप कैप्टन सौरभ गुप्ता ने बढ़ाया बच्चों का हौसला।
(किड्जी सिकन्दरा के वार्षिकोत्सव की विशेष झलकियाँ | Video: Taj News)
शिव-शक्ति और देशभक्ति के संगम ने किया मंत्रमुग्ध
कार्यक्रम के दौरान बच्चों की प्रस्तुतियों ने हर दिल में जगह बना ली। एक तरफ जहां राक्षस रक्तबीज वध की प्रस्तुति ने धर्म पर अधर्म की विजय का संदेश दिया, तो वहीं शिव द्वारा शक्ति को शांत करने का सजीव मंचन शिव-शक्ति के सृष्टि के प्रथम प्रेम की गाथा सुना रहा था। इसके अलावा, देश के वीर जवानों को समर्पित ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ की मार्मिक प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों की आंखों को नम कर दिया और देश के प्रति मर-मिटने की भावना को जगा दिया। वीर सम्भाजी की वीरगाथा और पंचतत्वों पर आधारित प्रस्तुति ने भी कार्यक्रम में खूब तालियां बटोरीं।
तस्वीरों में देखें वार्षिकोत्सव की भव्यता
अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ
इस भव्य वार्षिकोत्सव का शुभारम्भ विघ्नविनाशक श्रीगणपति की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्रुप कैप्टन (चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर) सौरभ गुप्ता, केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और मधु बघेल उपस्थित रहीं। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उनकी रचनात्मकता व कलात्मकता को निखारने के लिए इस तरह के आयोजन एक बेहतरीन मंच साबित होते हैं।
गणेश वंदना से हुई शुरुआत, अतिथियों का हुआ भव्य स्वागत
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के प्रारम्भ में बच्चों ने मनमोहक गणेश वंदना प्रस्तुत की। विद्यालय प्रबंधन की ओर से निदेशक संतोष दुआ, सुभाष दुआ, मयंक दुआ, प्रधानाचार्य सुरभि दुआ, रंजीता रानी और सीबी जेडली ने सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनका भव्य स्वागत किया। इस शानदार कार्यक्रम का सफल संचालन ज्योति व सना ने किया。
इस विशेष अवसर पर मुख्य रूप से रोहित कत्याल, धर्मेन्द्र यादव, विनय लूथरा, मोहित कत्याल, अहमद अली, संजीव कटियार, अनिरुद्ध गुप्ता, नदीम अहमद, पवन कुमार शर्मा, प्रिया लूथरा और मुक्ता कत्याल सहित शहर के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Thakur Pawan Singh
Chief Editor, Taj News
अपनी खबर सीधे WhatsApp पर भेजें:
7579990777









