आगरा डेस्क, Taj News | Published by: ठाकुर पवन सिंह | Updated: Monday, 12 Jan 2026 12:15 PM IST
विश्व हिंदी दिवस की पूर्व संध्या पर देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशन हॉल में साहित्य का अनूठा संगम देखने को मिला। ‘चित्र कला संगम’ द्वारा आयोजित एक गरिमामयी समारोह में आगरा के प्रख्यात कवि अनिल कुमार शर्मा के काव्य लेखन पर आधारित समीक्षात्मक पुस्तक ‘काव्य कसौटी (एक आलोचनात्मक परिदृश्य)’ का भव्य विमोचन किया गया। इस गौरवमयी अवसर पर विख्यात हास्य कवि सुरेन्द्र शर्मा एवं अन्य गणमान्य साहित्यकारों ने पुस्तक का लोकार्पण किया।

28 साहित्यकारों का आलोचनात्मक दृष्टिकोण
‘काव्य कसौटी’ पुस्तक का संपादन नागरी परिषद के महामंत्री डॉ. हरिसिंह पाल द्वारा किया गया है। यह पुस्तक मूल रूप से अनिल कुमार शर्मा की कृति ‘पाने खोने बीच कहीं’ की कविताओं का सूक्ष्म विश्लेषण है। इसमें देश-विदेश के 28 प्रतिष्ठित साहित्यकारों ने अपनी आलोचनात्मक टिप्पणियां प्रस्तुत की हैं। समारोह के दौरान कवि सुरेन्द्र शर्मा ने अनिल कुमार शर्मा को अंग वस्त्र व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में अनिल कुमार शर्मा ने अपनी चर्चित कविता ‘चिड़िया को लिखा एक पत्र’ का प्रभावी पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
साहित्यिक जगत में रचा नया कीर्तिमान
अनिल कुमार शर्मा ने जानकारी दी कि उनके लेखन पर अब तक कुल चार समीक्षात्मक पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं, जो साहित्यिक जगत में एक बड़ी उपलब्धि है। इससे पूर्व उनकी पुस्तक ‘कहीं कुछ कम है’ और ‘समय का संविधान’ पर भी प्रसिद्ध लेखकों द्वारा समीक्षात्मक कृतियां लिखी जा चुकी हैं। वर्ष 2026 के विश्व पुस्तक मेले में उनकी नवीनतम कृति ‘देर सवेर ही सही’ पर भी डॉ. हाशिम बेग मिर्जा द्वारा संपादित एक समीक्षात्मक पुस्तक विमोचित होने वाली है।
शोध कार्यों में मिलेगी बड़ी मदद
हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. हाशिम बेग मिर्जा के अनुसार, इन समीक्षात्मक पुस्तकों का संकलन शोधार्थियों के लिए बेहद उपयोगी सिद्ध होगा। लगभग 70 वरिष्ठ ख्याति प्राप्त साहित्यकारों द्वारा किसी लेखक के कार्यों का आकलन और मूल्यांकन किया जाना अपने आप में एक कीर्तिमान है। गौरतलब है कि अनिल कुमार शर्मा को उनकी उत्कृष्ट साहित्य सेवाओं के लिए ‘साहित्य श्री’ समेत कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से नवाजा जा चुका है।
Photo Gallery : –





📧 pawansingh@tajnews.in
📱 अपनी खबर सीधे WhatsApp पर भेजें: 7579990777
👉 TajNews WhatsApp Channel
👉 Join WhatsApp Group
🐦 Follow on X
🌐 tajnews.in
#AnilKumarSharma #BookLaunch #HindiLiterature #KavyaKasauti #DelhiEvents #AgraNews #TajNews #Literature









