आगरा डेस्क, Taj News | Published by: ठाकुर पवन सिंह | Updated: Sunday, 11 Jan 2026 10:15 AM IST
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय (आगरा यूनिवर्सिटी) में विधि (Law) के परीक्षा परिणामों को लेकर छात्रों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। मुख्य परीक्षा और पुनर्परीक्षा (Back Paper) के नतीजों में 80 फीसदी से ज्यादा छात्रों को फेल घोषित कर दिया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने धांधली के आरोपों के बाद जांच के लिए कमेटियों का गठन तो किया, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी जांच रिपोर्ट का कहीं पता नहीं है। ‘कमेटी पर कमेटी’ बनने के इस खेल से छात्रों का भविष्य अधर में लटका हुआ है।

लीगल लैंग्वेज विषय बना गले की फांस
छात्रों का सबसे बड़ा आरोप ‘लीगल लैंग्वेज’ विषय को लेकर है। मुख्य परीक्षा के परिणाम आने के बाद देखा गया कि बड़ी संख्या में छात्रों को इसी एक विषय में फेल किया गया है। जब छात्रों ने कुलपति के समक्ष प्रदर्शन किया, तो 6 नवंबर 2025 को संजीव मिश्रा और रत्ना पांडे की दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित की गई। छात्रों का कहना है कि दो महीने से अधिक समय बीत गया है, लेकिन इस कमेटी ने क्या जांच की और क्या रिपोर्ट दी, यह आज तक सार्वजनिक नहीं हुआ।
पुनर्परीक्षा के नतीजे भी ‘ढाक के तीन पात’
मुख्य परीक्षा में फेल हुए छात्रों के लिए हाल ही में बीएएलएलबी और एलएलबी की पुनर्परीक्षा आयोजित की गई थी। छात्रों को उम्मीद थी कि इस बार परिणाम सही होंगे, लेकिन नतीजे घोषित होते ही फिर वही स्थिति सामने आई। सेल्फ फाइनेंस कॉलेज संगठन के मीडिया प्रभारी बृजेश शर्मा के मुताबिक, पुनर्परीक्षा में भी स्थिति जस की तस है और बड़ी संख्या में छात्र फिर फेल हो गए हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि मूल्यांकन प्रक्रिया में कोई गंभीर तकनीकी या मानवीय खामी है।
परीक्षा नियंत्रक का गोलमोल जवाब
इस पूरे मामले पर परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश का कहना है कि मुख्य परीक्षा की शिकायत पर जो कमेटी बनी थी, उसकी रिपोर्ट अभी प्रतीक्षित है। वहीं, पुनर्परीक्षा के नतीजों में आई शिकायतों को देखते हुए एक और कमेटी गठित कर दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही निर्णय लिया जाएगा। हालांकि, छात्र इस ‘जल्द’ शब्द से आजिज आ चुके हैं और अब विश्वविद्यालय कैंपस में बड़े आंदोलन की चेतावनी दे रहे हैं।
📧 pawansingh@tajnews.in
📱 अपनी खबर सीधे WhatsApp पर भेजें: 7579990777
👉 TajNews WhatsApp Channel
👉 Join WhatsApp Group
🐦 Follow on X
🌐 tajnews.in
#AgraUniversity #DBRAU #LawStudents #ExamResults #AgraNews #JusticeForStudents #TajNews #UPNews









