आगरा: आगरा के पिनाहट थाना क्षेत्र में एक पूर्व प्रधानाचार्य का शव उनके घर में संदिग्ध अवस्था में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। शव के बिल्कुल पास, एक कुर्सी पर नोटों की कई गडि्डयां रखी हुई थीं, जिसने इस मामले को और भी उलझा दिया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस फौरन मौके पर पहुंची और गहन जांच शुरू कर दी है।
अकेले रह रहे थे पूर्व प्रधानाचार्य राम अवतार शर्मा, हाल ही में हुआ था पत्नी का देहांत
पिनाहट के नंदगंवा रोड पर रहने वाले राम अवतार शर्मा पूर्व प्रधानाचार्य थे और फिलहाल घर में अकेले ही जीवन यापन कर रहे थे। बताया जा रहा है कि करीब 26 दिन पहले ही उनकी पत्नी का देहांत हुआ था। उनके दो बेटे सुनील शर्मा और प्रवीन शर्मा शहर से बाहर निवास करते हैं। शुक्रवार सुबह राम अवतार शर्मा का शव उनके घर के बरामदे में एक चारपाई पर पड़ा हुआ मिला।
मौके पर बिखरे कागजात और पैसे, पुलिस हर पहलू से कर रही है जांच
शव मिलने के स्थान के पास ही, नोटों की गडि्डयों के साथ-साथ कुछ महत्वपूर्ण कागजात भी बिखरे पड़े थे। इन परिस्थितियों ने मौत को संदिग्ध बना दिया है। पड़ोसियों ने तुरंत इस घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से मुआयना किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही, पुलिस की टीमें मौत के सही कारणों का पता लगाने में जुट गई हैं। मौके पर मिले पैसे और कागजातों के रहस्य को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है ताकि पता चल सके कि यह सामान्य मृत्यु है, या मामला कुछ और है।